ललितपुर। कोविड-19 कोर कमेटी की बैठक में जिलाधिकारी अन्नावि दिनेश कुमार ने निर्देश दिए कि लक्षित जगहों को चिह्नित करें एवं ऐसे पॉकेट जहां ज्यादातर लोग टीकाकरण कराने को तैयार हों, वहां पर टीकाकरण कराया जाए।
कलक्ट्रेट पार्क में हुई बैठक में कोरोना की समीक्षा की गई। 24 घंटे के कोविड परिणामों पर चर्चा हुई, जिसमें बताया गया कि मंगलवार को 1902 टेस्ट किए गए जिनमें कुल 256 कोरोना के मरीज पाए गए हैं। 472 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया है। जिले में कुल 2925 एक्टिव केस हैं। जनपद में सैंपल इन की सुविधा दस बजे से दोपहर तीन बजे तक कोतवाली के सामने रेन बसेरा में शुरू कर दी गई है। डीसी मनरेगा ने अवगत कराया कि जनपद में 127 जगह टीकाकरण किया जाना सुनिश्चित किया गया था, लेकिन 44 जगह पर ही टीकाकरण टीमें भेजी गईं, जिसमें से सिर्फ 17 जगह ही टीकाकरण हो पाया।
डीपीआरओ ने बताया कि जिले में 1300 कांटेक्ट ट्रेसिंग की गई है एवं लगभग 1500 के सैंपल कलेक्ट किए गए। जिलाधिकारी ने एंबुलेंस का रिस्पांस टाइम ठीक न होने पर नाराजगी जताई। निर्देशित किया कि एंबुलेंस का पूर्ण रूप से सैनिटाइजेशन किया जाना चाहिए। डीएम ने नोडल को निर्देशित किया कि उन्हें मरीजों को होम आइसोलेशन दिया जाए जो शासन के सदस्यों को पूर्ण करते हो। आरआरटी टीम को क्रियाशील बनाया जाए। उन्होंने कहा कि आरआरटी टीम के ठीक से काम न करने के कारण प्रतिदिन ऑन अटेंडेंट मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। आरआरटी टीम का पुनर्गठन किया जाए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार, विकास अधिकारी अनिल कुमार पांडेय , जिलाधिकारी अनिल कुमार मिश्र, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा.डीके गर्ग, उपायुक्त मनरेगा रविंद्र वीर, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. हरेंद्र सिंह चौहान, जिला क्षय रोग अधिकारी डा. जेएस बख्शी, बेसिक शिक्षा अधिकारी राम प्रवेश, डा. मुकेश दुबे, डा. राजेश भारती उपस्थित रहे।