ललितपुर। कोविड-19 कोर कमेटी की बैठक में प्रभारी जिलाधिकारी अनिल कुमार पांडेय ने निर्देश दिए कि प्रत्येक मरीज पर कम से कम 25 लोगों की कांट्रेक्ट ट्रेसिंग कराएं।
कलेक्ट्रेट सभागार में उन्होंने निर्देश दिए कि जांच के लिए सैंपल कलेक्शन में शासन द्वारा निर्धारित मानकों का ध्यान रखा जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में निगरानी समितियों को क्रियाशील किया जाए। कोविड अस्पतालों में इस बात का ध्यान रखा जाए कि समस्त चिकित्सक मरीजों को पीपीई किट पहनकर ही अटेंड करें। मरीजों की संख्या प्रतिदिन बढ़ती जा रही है, ऐसे में विशेष सतर्कता बरती जाए। पॉजिटिव मरीजों के सापेक्ष कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग की संख्या कम है, जो चिंताजनक है, प्रत्येक मरीज पर कम से कम 25 लोगों की कॉट्रेक्ट ट्रेसिंग के मानक को पूरा किया जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त/ राजस्व अनिल कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी न्यायिक रजनीश राय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. डीके गर्ग, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (पुरुष) डा. अमित चतुर्वेदी, जिला क्षय रोग अधिकारी डा. जेएस बख्शी, जिला मलेरिया अधिकारी मनोज कुमार, जिला सूचना अधिकारी पीयूष चंद्र राय आदि उपस्थित रहे।