ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत कचहरी परिसर में ग्राम राजघाट स्थित ससुराल से घरेलू हिंसा के एक मामले में राजीनामा के लिए पहुंचे पति- पत्नी पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए और मारपीट हो गई। महिला द्वारा डायल 112 पर सूचना देने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को शांत कराया।
ग्राम जैरवारा निवासी एक महिला की शादी तीन वर्ष पहले ग्राम राजघाट निवासी युवक के साथ हुई थी। शुरूआत में दोनों के बीच सब ठीक चला, लेकिन कुछ ही दिनों बाद उनके बीच मतभेद शुरू हो गए। शादी के एक वर्ष बाद ही दोनों में विवाद बढ़ने पर मामला न्यायालय तक पहुंच गया। महिला ने पति समेत अन्य ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न और घरेलू हिंसा का मुकदमा दर्ज करा दिया। करीब चार माह पहले दहेज उत्पीड़न के मुकदमा का न्यायालय से निस्तारण हो गया। इस पर पत्नी अपने पति के साथ ससुराल में रहने लगी। लेकिन, घरेलू हिंसा का मामला विचाराधीन चल रहा है।
करीब एक सप्ताह पहले ससुरालीजन महिला से घरेलूू हिंसा के मुकदमे में भी राजीनामा करने की बात कहने लगे। इस पर महिला राजीनामा के लिए तैयार हो गई और मंगलवार को राजीनामा करने के लिए महिला, उसकी बहन, भाई, पिता और पति आदि कचहरी पहुंच गए। आपस में बातचीत चल रही थी कि महिला के पिता ने पति से कहा कि अब बेटी को परेशान नहीं करना। बातचीत हो रही थी कि पति ने पिता को धक्का दे दिया और मारपीट कर दी। यह देख महिला के भाई व बहन समेत अन्य परिजन आ गए और महिला के पति के साथ हाथापाई कर दी। इससे हंगामा हो गया और काफी देर तक गुत्थम- गुत्था होती रही। मामला सुलझता नहीं देख महिला ने डायल 112 पर कॉल करके पुलिस को जानकारी दी। कुछ देर में पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसके बाद मामला शांत हुआ। इस दौरान कचहरी में वकीलों व वादकारियों का काफी देर तक जमावड़ा लगा रहा। पुलिस को महिला ने पूरा वाक्या बताया। फिलहाल उक्त मामले में अभी तक कोतवाली पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।