ग्राम जरया के ग्रामीणों ने डीएम से की शिकायत
उच्च स्तरीय जांच की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
महरौनी (ललितपुर)। विकास खंड के अंतर्गत ग्राम जरया के ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान और रोजगार सेवक उनके देवर पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों ने डीएम को शिकायत पत्र भी दिया है। उन्होंने उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
ग्राम सभा जरया निवासी पवन कुमार, पर्वत सिंह, राकेश कुमार और महेश सिंह आदि ने डीएम को दिए पत्र में आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत जरया में भगवती देवी प्रधान और उनका देवर रोजगार सेवक है। आरोप है कि दोनों ने मिलकर ग्राम सभा की संपत्ति और सरकारी संपत्ति पर लाखों रुपये का घोटाला किया है। नियमानुसार ग्राम प्रधान के परिवार में अगर रोजगार सेवक है तो रोजगार सेवक को पांच साल के लिए किसी दूसरे ग्राम में कार्यरत रहना पड़ेगा।
ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है। आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान के परिवार के पांच लोगों के मनरेगा जॉब कार्ड बने हैं। वह बिना किसी मजदूरी के लाखों रुपये निकालकर हड़प कर गए हैं। आरोप है कि अमृत सरोवर योजना के तहत मजदूरों से काम कराया जाना था लेकिन, महज खानापूर्ति कराकर 27 लाख रुपये निकालकर हड़प कर लिए गए।
विपक्षी चुनावी रंजिश में इस तरह के गलत आरोप लगवा रहे हैं। विपक्षीगण ग्राम प्रधान का चुनाव हारने के कारण परिवार को क्षति पहुंचाने के उद्देश्य से इस तरह के आरोप लगाया जा रहा है। इससे पहले भी गलत आरोप लगाए थे, जो जांच में भी गलत पाए गए थे। इस संबंध में सीडीओ को पत्र भी दिया है।
-भगवती देवी, ग्राम प्रधान, जरया ब्लॉक महरौनी
मामला संज्ञान में आया है इसकी पत्र लिखकर जांच करा रहे हैं। यदि कोई दोषी पाया गया तो कार्रवाई की जाएगी।
-अभिमन्यु कुमार, उपजिलाधिकारी महरौनी