ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र में 15 सितंबर को ग्राम पनारी में मिले शव की
पहचान हो गई है। इस मामले में परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपी के
खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
ग्राम पनारी में मिले शव की
हालत अत्यंत खराब होने के कारण उसकी स्पष्ट पहचान नहीं हो पायी थी। बाद में
ग्राम जिजवायन के एक सेन परिवार ने शव को पहचान कर उसे जगन लाल का बताया
था। शव की पुख्ता पहचान के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला लखनऊ जगन लाल के
बेटे का सैंपल डीएनए मिलान के लिए भेजा गया था, लेकिन लखनऊ से पुत्र का
सैंपल नामंजूर कर दिया गया। साथ ही वहां से निर्देश आया कि मृतक के पिता,
मां व पत्नी का सैंपल भेजा जाए। कोतवाली पुलिस ने अब जगनलाल की मां व पत्नी
का सैंपल बृहस्पतिवार को लेकर भेजा जाएगा। पुलिस ने इस मामले में पत्नी की
तहरीर पर ग्राम जिजयावन निवासी राजा भइया यादव के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट
दर्ज कर ली है।