ललितपुर। नोवल कोरोना वाइरस से बचाव के लिए शासन ने एडवायजरी जारी की है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रताप सिंह ने कहा कि एडवायजरी के अनुसार व्यक्ति एहतियात बरतें। सीएमओ ने कंट्रोल रूम बना दिया और उसका टेलीफोन नंबर भी जारी कर दिया है।
उन्होंने कहा कि कोरोना वाइरस सामान्य बुखार की तरह फैलता है, जिसमें रोगी के खांसने व छींकने के दौरान निकलने वाले कणों के संपर्क में आने से बीमार होने की संभावना होती है। वाइरस से ग्रसित रोगी में खांसी या बुखार के साथ सांस लेने में तकलीफ होने के लक्षण आते हैं तो तुरंत निकटतम स्वास्थ्य केंद्र जाएं। यदि किसी व्यक्ति को बुखार, खांसी या छींक आ रही है तो कम से कम एक मीटर की दूरी बनाकर रखें।
नियमित रूप से हाथों को कम से कम 20 सेकेंड तक साबुन और पानी से धोएं। सेनेटाइजर का भी प्रयोग किया जा सकता है। खांसते और छींकते समय अपने नाक और मुंह को टिश्यू पेपर या रूमाल से ढंके। बेवजह अपनी आंख, नाक व चेहरे को न छूएं। छूने के पहले हाथों को अच्छी तरह साबुन व पानी से धोएं। भीड़ में ना जाएं। अनावश्यक यात्रा से बचें। नियमित रूप से कपड़ों को धोएं। कमरा सफाई का विशेष ध्यान रखें। सार्वजनिक एवं खुले स्थल पर न थूकें। गृह भ्रमण के दौरान आशा कार्यकर्ता ऐसे व्यक्तियों की सूचना प्रभारी चिकित्साधिकारी को दें, जिन्होंने पिछले 14 दिनों में विदेश यात्रा की है या विदेश यात्रा किए व्यक्ति के संपर्क में आए हैं तथा उनमें खांसी-बुखार के लक्षण दिखाई दे रहे हों, या सांस लेने में तकलीफ हो। प्रभावित देशों से आए यात्री को अगले 14 दिनों के लिए घर के सदस्यों एवं अन्य लोगों के साथ संपर्क सीमित करने और अलग कमरे में रहने की सलाह दें।
उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय कंट्रोल रूम गठित कर दिया गया है। इसका टेलीफोन नंबर 05176-274333 है। यदि इस बारे में अधिक जानकारी चाहिए है तो नंबर पर संपर्क किया जा सकता है। देश में कोरोना वाइरस के बहुत कम मामले सामने आए हैं। कोरोना वाइरस से प्रभावित अधिकांश रोगी पूर्णत: स्वस्थ हो जाते है। इसलिए घबराएं बिल्कुल भी नहीं। सोशल मीडिया में अप्रमाणिक संदेशों को न तो फैलाएं एवं अन्य लोगों को भी फैलाने से मना करें। केवल प्रमाणित स्रोतों के संदेशों पर भरोसा करें।