ललितपुर। कोरोना संक्रमण का खतरा अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी बढ़ता जा रहा है। संक्रमण शहर की अपेक्षा गांवों में अब दोगुने रफ्तार से पांव पसार रहा है। बीते एक सप्ताह का आंकलन किया जाए, तो शहर की अपेक्षा दोगुने मामले ग्रामीण क्षेत्रों के मिले हैं, जो चिंता का विषय है। कोरोना संक्रमण की रफ्तार बढ़ने से जहां शहरवासियों द्वारा कोरोना को हराने के लिए कोविड नियमों का पालन किया जा रहा है। वहीं, मास्क लगाने के साथ ही जरूरी काम होने पर ही लोग बाहर निकल रहे हैं। जबकि, बहुत से लोगों ने वैवाहिक व अन्य कार्यक्रमों में जाने के लिए अन्य जनपदों की यात्राएं रद्द कर दी हैं, यहां तक कि स्थानीय स्तर पर भी आयोजनों से लोग बच रहे हैं।
हालांकि, संक्रमण फैल चुका है, जिससे संक्रमितों के संपर्क में आने वाले लोग प्रभावित हुए हैं। ऐसे में कोविड जांचों में शहर के विभिन्न मोहल्लों में रोज जितने मरीज निकल रहे हैं, उससे दोगुने या कई बार इससे भी अधिक कोरोना संक्रमित मरीज ग्रामीण क्षेत्रों में निकल रहे हैं। बीते एक सप्ताह का यदि आंकलन किया जाए, तो 21 अप्रैल को जिले में 348 कोरोना संक्रमितों में शहर में 161, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों के अंतर्गत बिरधा में 27, जखौरा में 65, मड़ावरा क्षेत्र में 40 जबकि तालबेहट में कुल 17 मरीज संक्रमित मिले थे। 22 अप्रैल को जिले में कुल 396 नए कोरोना संक्रमित पाए गए थे, जिनमें शहर में 188 संक्रमित मिले थे, जबकि तालबेहट में 71, जखौरा में 42, मड़ावरा में 18, महरौनी में 08 और बिरधा में 21 नए संक्रमित पाए गए थे। वहीं, 23 अप्रैल को जिले में कुल 392 नए संक्रमित मिले थे, जिनमें शहर में 176, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम महरौनी में 46, मड़ावरा में 40, तालबेहट में आठ, जखौरा में 10, बाॉरधा में 39 एवं बार क्षेत्र में 25 नए संक्रमित मिले थे। इसी प्रकार 24 अप्रैल को जिले में कुल 348 संक्रमित मिले थे, जिनमें शहर में 99, जबकि ग्राम मड़ावरा में 46, तालबेहट में 52, जखौरा में 29, बार में 24 व महरौनी क्षेत्र में 12 संक्रमित मिले थे। वहीं, 25 अप्रैल को जिले में कुल 157 नए कोरोना मरीज मिले थे। जिनमें शहर में 52, जबकि तालबेहट में 21, बार क्षेत्र में 12, महरौनी में 17, मड़ावरा में चार संक्रमित पाए गए थे। 26 अप्रैल को जिले में कुल 198 संक्रमितों में शहर में 87, जबकि ग्राम तालबेहट में 33, बार में 10, महरौनी में 24, जखौरा में आठ संक्रमत पाए गए थे। वहीं, बीते रोज 27 अप्रैल को जिले में कुल 240 संक्रमितों में शहर में मात्र 87, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में तालबेहट में 51, महरौनी क्षेत्र में 18, मड़ावरा क्षेत्र में 11, बिरधा में 10, जखौरा क्षेत्र में 25 और बार क्षेत्र में 09 कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। ऐसे में शहर की अपेक्षा ग्रामीण क्षेत्रों में अब कहीं अधिक कोरोना का ग्राफ बढ़ता दिख रहा है।