ललितपुर। बुधवार को डीएम अन्नावि दिनेशकुमार ने कहा कि कोरोना वायरस के प्रभाव को देखते हुए यदि संक्रमण नियंत्रण में रहता है, तभी उर्स का आयोजन किया जाना संभव होगा।
कलेक्ट्रेट सभागार में उर्स शरीफ के आयोजन को लेकर हुई उर्स कमेटी बैठक की अध्यक्षता डीएम ने की। पदाधिकारियों ने बताया कि गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी 31 मार्च से चार अप्रैल तक हजरत बाबा सदनशाह की मजार पर उर्स शरीफ मेले का आयोजन किया जाना प्रस्तावित है। डीएम ने वर्ष 2019 कराए गए उर्स की जानकारी ली। आय-व्यय व ऑडिट रिपोर्ट का ब्यौरा तलब किया, जिस पर पदाधिकारियों ने ब्यौरा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
जिलाधिकारी ने उर्स के आयोजन की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को स्वास्थ्य, सुरक्षा, पेयजल, विद्युत, यातायात, सफाई व अन्य व्यवस्थाएं पहले ही पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेला में वर्तमान समय में कोरोना वायरस संक्रमण को लेकर सतर्कता बरती जाए। उन्होंने कमेटी को बताया कि कोरोना वायरस के प्रभाव को देखते हुए यदि संक्रमण नियंत्रण में रहता है, तभी उर्स का आयोजन किया जाना संभव होगा, अन्यथा परिस्थितियों के अनुसार निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कोविड-19 का संक्रमण दोबारा फैल रहा है। प्रधानमंत्री की मीटिंग बाद राज्य स्तर से निर्देश आने के बाद कोई कार्रवाई की जाएगी। मुख्य चिकित्साधिकारी पर्याप्त मात्रा में दवाएं व चिकित्सक टीम और 24 घंटे एंबुलेंस व्यवस्था उर्स मेला तक सुनिश्चित करें और कोविड जांच की प्रर्याप्त व्यवस्थाएं रखें। महिला पुलिस बल भी तैंनात किया जाए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि उर्स में भीड़ को देखते हुए आने वाले वाहनों को नियंत्रित किए जाने के लिए व्यवस्थाएं की जाएंगी। बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार, अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार मिश्र, उप जिलाधिकारी सदर केके सिंह, अपर उप जिलाधिकारी रमेश चंद्र, क्षेत्राधिकारी सदर इमरान अहमद, वरिष्ठ कोषाधिकारी विष्णुकांत द्विवेदी, प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जेएस बक्शी मौजूद रहे।