ललितपुर। सांस लेने में परेशानी के कारण जिला अस्पताल से रेफर किए गए युवक की रास्ते में मौत हो जाने के मामले में कराई गई कोरोना की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। इससे सभी ने राहत की सांस ली है।
ब्लाक मड़ावरा अंतर्गत ग्राम सौरई निवासी 25 वर्षीय युवक 22 मई को झांसी में अपने रिश्तेदार के यहां से वापस आकर शहर के मोहल्ला नई बस्ती में रिश्तेदारी में रुक गया था। इसी दौरान हालत खराब होने पर उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां पर भर्ती कर लिया गया। इसका कोरोना जांच के लिए सैंपल 22 मई को भेजा गया था।
उधर, हालत खराब होने पर युवक को 23 मई को मेडिकल कॉलेज झांसी के लिए रेफर किया। रास्ते में उसकी मौत हो गई। इस पर मृतक के रिश्तेदारों को क्वारंटीन कर शव को सुरक्षित रख लिया गया था। व्यक्ति की मृत्यु सांस लेने में परेशानी के चलते लोगों को कोरोना संक्रमित होने का भय सताने लगा था। शहर में रिर्पोट को लेकर दिन भर चर्चाएं होती रहीं।
रविवार को दोपहर में मृतक व्यक्ति की कोरोना जांच रिपोर्ट निगेटिव से राहत भरी खबर आई। इसके बाद सभी ने राहत की सांस ली। शव को परिजनों को सौंप दिया है। सैंपल भेजने के बाद से ही जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया था, मृतक के रिश्तेदार के निवास स्थान को सील कर दिया गया था।
मृतक प्रवासी मजदूर की रिपोर्ट आई निगेटिव
ललितपुर। उल्टी होने से प्रवासी मजदूर की मौत हो गई थी, इसकी कोरोना जांच रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। शुक्रवार को मुंबई से पश्चिम बंगाल के जिला खारीपुर ग्राम भैवनटी निवासी आसिफ (26) पुत्र अनवर प्रवासी मजदूर को अमरपुर मंडी में उल्टी होने पर जिला अस्पताल में एंबुलेंस से लाया गया था। अस्पताल में भर्ती के दौरान उल्टी बंद नहीं होने पर खून की जांच कराई गई। इसमें लीवर की बीमारी की जानकारी हुई। उक्त व्यक्ति को सांस से संबंधित कोई समस्या नहीं थी। प्रवासी होने पर उपचार के दौरान 22 मई को उसका कोरोना जांच के लिए सैंपल लिया गया। उसे रेफर करने की तैयारी चल रही थी कि इसी दौरान उसकी मौत हो गई थी। मृतक के शव को रिपोर्ट आने तक सुरक्षित रख लिया गया है। मृतक व्यक्ति के परिवार से संपर्क कर सूचना दी गई है।
--------
सांस लेने वाले व उल्टी होने वाले दोनों व्यक्तियों की कोरोना जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। ग्राम सौंरई निवासी मृतक के परिजनों को शव सौप दिया है। पश्चिम बंगाल के मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है।
- डॉ. प्रताप सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी