ललितपुर। बीते पौने दो महीने में कोरोना बीमारी ने जनपद में खूब कहर ढाया है। वहीं संक्रमित 8,506 मरीजों ने कोरोना को मात देकर ठीक हुए हैं। जनपद में बीते माह एक अप्रैल को एक वर्ष के दौरान मिले कुल कोरोना मरीजों की संख्या 3612 थी। जबकि एक्टिव मरीजों का आंकड़ा कुल 102 था, लेकिन अप्रैल के बाद से लगातार कोरोना मरीजों की संख्या में इजाफा होता रहा और बीते दो मई को जनपद में एक दिन में सबसे अधिक 599 तक कोरोना संक्रमित मरीज मिले थे, जबकि एक्टिव मरीजों का आंकड़ा भी बढ़कर 3,282 तक पहुंच गया था। इससे जनपदवासियों में डर का माहौल उत्पन्न हो गया था और लोगों ने खुद को घरों में पूरी तरह से कैद कर लिया था। हालांकि इसके बाद ठीक होने वाले मरीजों की संख्या बढ़ने लगी और धीरे-धीरे एक्टिव केसों में कमी आने लगी और बीते पौने दो माह में 8,506 मरीजों ने कोरोना से जंग जीत कर बड़ी हिम्मत दिखाई है और अब वह डिस्चार्ज होकर घर लौट आए हैं। हालांकि रोजाना हो रही जांचों में मिलने वाले नए कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में उतार चढ़ाव देखने को मिल रहा है।