ललितपुर। शहर की अपेक्षा ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक कोरोना के संक्रमित मिल रहे हैं। बुधवार को 15 व्यक्तियों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। पांच शहर क्षेत्र के निवासी हैं और दस संक्रमित ग्रामीण क्षेत्रों में पाए गए हैं।
जिले में अब संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2715 पहुंच गई है। इनमें 42 संक्रमितों की मौत हो चुकी और 2539 स्वस्थ हो चुके हैं। वर्तमान में 134 संक्रमितों का उपचार किया जा रहा है। जिले में लगातार नए कोरोना संक्रमित मरीज पाए जा रहे हैं। बुधवार को एक मासूम बालक समेत 15 व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। शहर के मोहल्ला आजादपुरा निवासी 29 वर्षीय युवती, 40 वर्षीय महिला व 41 वर्षीय महिला कोरोना संक्रमित पाई गई। सिविल लाइन निवासी 35 वर्षीय व्यक्ति, मोहल्ला अजीतापुरा निवासी 42 वर्षीय व्यक्ति कोविड-19 पॉजिटिव पाया गया। वहीं, ग्रामीण क्षेत्र में तहसील तालबेहट कस्बा के मोहल्ला सरफयाना निवासी 33 वर्षीय महिला, कस्बा निवासी 65 वर्षीय महिला संक्रमित मिले। ब्लॉक जखौरा के बांसी निवासी नौ वर्षीय मासूम बालक, 14 वर्षीय बालिका, 40 वर्षीय महिला, 45 वर्षीय महिला व 66 वर्षीय महिला पॉजिटिव पाई गई है। ब्लॉक बार अंतर्गत ग्राम बुरागांव निवासी 32 वर्षीय युवक, तहसील मड़ावारा के कस्बा निवासी 35 वर्षीय युवक, तहसील महरौनी अंतर्गत 45 वर्षीय युवक कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। संक्रमितों में 10 होमआइसोलेट हुए और पांच को एल-1 अटैच राजकीय पॉलिटेक्निक तालबेहट में भर्ती कराया गया है।
1344 सैंपलों की रिपोर्ट आना बाकी
कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए भले ही तमाम प्रयास किए गए हो, लेकिन जिले में अब तक आरटीपीसीआर जांच को लिए सैंपल की रिपोर्ट समय से न आने के कारण सुधार नहीं हो पा रहा है। शुरुआत में जहां दो दिन में रिपोर्ट मिल रही थी, जो अब चार दिन में आ रही है। ऐसे में सैंपल वाला व्यक्ति रिपोर्ट आने तक क्वारंटीन बना रहता है। यहां पर तीनों से अब तक के 1374 व्यक्तियों के सैंपल की आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट आना बाकी है।
बुधवार को एक मासूम समेत 15 व्यक्तियों में जांच के दौरान कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। संक्रमितों को सुविधा के अनुसार इलाज मुहैया कराई जा रही है।
- डॉ. प्रतापसिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी