ललितपुर। जनपद में कोरोना संक्रमण की बढ़ती रफ्तार के साथ एक संक्रमित महिला की मौत हो गई। विभिन्न सेंटरों पर लिए गए सैंपल की रिपोर्ट में 18 व्यक्ति संक्रमित पाए हैं। इनमें दो व्यक्ति ऐसे हैं, जिनकी जेल ले जाने से पहले जांच कराई गई थी।
31 अक्तूबर को थाना नाराहट के ग्राम परसई निवासी महिला जली अवस्था में जिला अस्पताल में इलाज कराने के लिए आई थी। जहां पर उपचार के दौरान हुई कोरोना जांच में संक्रमित पाई गई थी, जिसे एक नवंबर को महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया गया था। जहां उसका उपचार चल रहा था। इलाज के दौरान 24 नवंबर की रात्रि में उसकी मौत हो गई। इससे कोरोना संक्रमण से हुई मौत का आंकड़ा बढ़कर 46 तक पहुंच गया है।
बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विभिन्न सेंटरों से 1,530 सैंपल लिए थे। इनमें आरटीपीसीआर किट से 580, ट्रू-नॉट किट से पांच व एंटीजन किट से 945 सैंपल लिए गए। आरटीपीसीआर किट की आई जांच रिपोर्ट में चार व्यक्ति संक्रमित पाए गए। ट्रृ-नॉट व एंटीजन किट की जांच रिपोर्ट में 14 व्यक्ति संक्रमित पाए गए हैं।
संक्रमितों में शहर के मोहल्ला चांदमारी, लक्ष्मीपुरा, कटराबाजार, सिविल लाइन निवासी एक-एक व्यक्ति शामिल हैं। ग्रामीण क्षेत्र में ब्लॉक बिरधा के ग्राम कुमरौला, धौर्रा, जाखलौन, सिंदवाहा, तहसील तालबेहट कस्बा के मोहल्ला चौबयाना, ग्राम खांदी, शाहपुर, तहसील महरौनी के कस्बा निवासी एक-एक संक्रमित शामि हैं। ब्लॉक बार के ग्राम भावनी निवासी दो, बुरागांव निवासी एक व्यक्ति संक्रमित हैं। जिले के एक न्यायालय से गैर इरादातन हत्या के मामले में सजा सुनाई गई थी। इसके बाद आरोपियों की जेल जाने से पहले जांच कराई गई, इसमें दोनों कैदी संक्रमित पाए गए हैं। जिन्हें एल-2 अस्पताल तालबेहट में भर्ती कराया गया है।
-------
यह पहुंचा आंकड़ा
अब तक जिले में संक्रमितों की संख्या 3,063 पहुंच गई है। इनमें 2,929 मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं। वर्तमान में 88 संक्रमितों का उपचार चल रहा है। चार दिनों से अब तक के मेडिकल कॉलेज आरटीपीसीआर जांच को भेजे गए 1,690 सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी है।
--------
बुधवार को सैंपलों की आई रिपोर्ट में दो कैदी समेत 18 व्यक्ति संकमित मिले हैं। एक संक्रमित महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई है।
- डा. मुकेश दुबे,
प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी