ललितपुर। जिले में कोरोना वायरस का संक्रमण रफ्तार पकड़ रहा है। बुंदेलखंड में जिला दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। इसके बाद भी तमाम लोग अभी भी बगैर मास्क लगाए भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पहुंच रहे है। जिससे खतरा बढ़ रहा है। प्रशासन भी अब सख्ती नहीं बरत रहा है।
जिले में पहला कोरोना संक्रमित व्यक्ति नौ मई को मिला था, जिसकी मृत्यु के बाद हुई जांच में कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई। इस तरह मई माह में सिर्फ तीन व्यक्तियों में ही कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। वहीं, जून माह में भी कोरोना वायरस संक्रमण से मौत का आंकड़ा बढ़कर दो गुना हो गया और संक्रमितों की संख्या तीन से सात हो गई। जुलाई माह आते ही कोरोना वायरस के संक्रमण ने तेजी से फैला, इस माह में जहां 338 व्यक्ति संक्रमित हुए और एक की मौत हुई। अगस्त में बढ़ते संक्रमण से अब तक के सभी रिकार्ड तोड़ दिए। 988 व्यक्ति संक्रमित हुए और 16 संक्रमितों की मौत हो गई। वहीं, सितंबर माह में अब तक आंकड़ा बढ़कर 1908 हो गया है। मौत का आंकड़ा भी 25 पहुंच गया है। विशेषज्ञों का कहना है कि अभी भी लोग नहीं चेते तो स्थिति और भी अधिक हो सकती है।
लेकिन लोग बेपरवाह बने हुए हैं। बाजारों में सामाजिक दूरी का पालन नहीं किया जा रहा है। लोग बिना मास्क के खुलेआम घूम रहे हैं। इससे जहां दूसरों को भी संक्रमण का खतरा सता रहा है। बसें व टैक्सी भी खुलेआम सड़कों पर सवारियों को ठूंसकर फर्राटे भर रही हैं।
अगस्त माह में हुई 16 की मौत
कोरोना संक्रमण के शुरुआती दौर में जहां संक्रमित बढ़ रहे थे, तो वहीं मौत का आंकड़ा भी लगातार बढ़ता गया। अगस्त माह आते ही संक्रमण बढ़ने के साथ ही संक्रमितों की मौत भी लगातार हुई। एक माह में 16 संक्रमितों की मौत हो गई। इससे संक्रमण की स्थिति का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है।
माह बार आंकड़ा
माह संक्रमित मौत
मई 03 01
जून 04 02
जुलाई 339 01
अगस्त 988 16
12 सितंबर तक 574 05
कुल - 1908 25
कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार सेंपलिंग की जा रही है। इसमें एंटीजन से जांच में संक्रमित तुरंत चिह्नित किए जा रहे हैं।
- डॉ. प्रताप सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी