ललितपुर। कोरोना संक्रमण रोकने के लिए शासन ने गाइडलाइन तो बना दी लेकिन उसका अनुपालन न तो आम लोग वाहन चलाते समय कर रहे हैं और न ही टैक्सी चालक। प्रशासन भी अनुपालन कराने में कोई रुचि नहीं दिखा रहा है। ऐसे में कागजी घोड़े दौड़ाकर संक्रमण की रोकथाम मुश्किल है।
जिले में कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। टीकाकरण बढ़ाए जाने का आदेश तो अफसरों ने दे दिया ताकि लोग सुरक्षित हो सकें लेकिन शासन की गाइडलाइन का पालन नहीं होने से इसके बढ़ने का प्रबल आशंका जताई जा रही है। शहरों में तो कुछ हद तक लोग मास्क लगाकर निकलना शुरू कर दिए हैं लेकिन ग्रामीण इलाकों में गाइडलाइन के अनुपालन का कोई असर दिखाई नहीं दे रहा है। लोग मास्क तो नहीं ही लगा रहे हैं, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन भी नहीं कर रहे हैं। आए दिन वाहनों में वाहनों में लोग ठसाठस भरकर जा रहे हैं। चार पहिया की बात छोड़िए बाइक पर भी पांच लोग बैठकर यात्रा कर रहे हैं। शहर के सदन विहार कालोनी निवासी संजय सोनी, स्टेट बैंक के कर्मचारी इकरार अहमद, महावीरपुरा निवासी अंतू जैन, डोंगरा खुर्द निवासी धनीराम आदि ने बताया कि यातायात विभाग अगर कार्रवाई शुरू कर दे काफी हद तक नियमों का पालन होने लगेगा जिससे संक्रमण को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।
-----
यातायात विभाग केवल शहरी क्षेत्रों में कार्रवाई करता है। इसके लिए शहरी क्षेत्रों में ओवरलोडेड वाहनों के चालान काटे जा रहे हैं और कार्रवाई की जा रही है।
- अनुज गंगवार, यातायात प्रभारी
-----
कोविड को देखते हुए जिले भर के थाना और चौकी प्रभारियों को मास्क न पहनने वालों और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। अनाधिकृत रूप से सवारियां बैठाकर चलाने वाले वाहन चालकों पर भी जुर्माना किया जा रहा है। संक्रमण पर नियंत्रण के लिए कोविड गाइडलाइन का पालन कराया जाएगा।
- प्रमोद कुमार, पुलिस अधीक्षक।