ललितपुर। जनपद में बाहरी जनपदों से आने वाले लोगों को क्वारंटीन कर उनकी लगातार जांच की जा रही है। बुधवार को बाहरी जनपदों से आने वाले पांच लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं, जबकि सोमवार को भेजे गए 24 सैंपल में से 19 की रिपोर्ट निगेटिव आ गई हैं। इनमें से पांच की रिपोर्ट आना बाकी है।
लॉकडाउन के बाद भी लोगों का आवागमन जारी है। बाहर से आने वाले पैदल व अन्य वाहनों के सहारे जनपद में प्रवेश कर रहे हैं। ऐसे में संक्रमण फैलने का खतरा है, जिस पर प्रशासन द्वारा सीमा से प्रवेश करने वाले लोगों को क्वारंटीन में लेकर थर्मल स्क्रीनिंग की जा रही है। लक्षण पाए जाने पर मेडिकल क्वारंटीन में लेकर सैंपल लेकर जांच कराई जा रही है।
जिला प्रशासन बाहरी जनपदों से आने वालों या फिर कोरोना के संदिग्ध लक्षणों वाले लोगों पर लगातार नजर बनाए हुए है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा क्वारंटीन कराए गए लोगों के सैंपल लेकर लगातार जांच कराई जा रही है। फिलहाल जनपद अभी तक सुरक्षित है और अब तक सभी जांच रिपोर्ट निगेटिव आई हैं। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा 24 लोगों के सैंपल लेकर जांच को भेजे गए थे, जिनमें 19 की रिपोर्ट आ चुकी है और यह सभी निगेटिव आई हैं। इस पर स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली है। हालांकि, इनमें पांच की रिपोर्ट आना अभी बाकी है।
वहीं, मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा 24 लोगों के सैंपल लेकर जांच को भेजे गए हैं, जिनकी जांच रिपोर्ट आनी बाकी है। इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को भी बाहरी जनपदों से क्वारंटीन किए गए पांच लोगों के सैंपल लेकर जांच को महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज झांसी भेजे हैं।
अब तक सभी की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। बुधवार को भी बाहर से आने वालों के सैंपल लेकर जांच को भेजे गए हैं।
- डॉ. प्रताप सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी