ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कैलगुंवा चौराहा के पास कंटेनर और कार की टक्कर में कंटेनर चालक व कार में सवार दोनों महिलाएं घायल हो गईं। घायलों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
मुंबई के वोरावली राजेंद्र नगर निवासी ऊषा गोदरे (60) पत्नी सुभाष गोदरे कुछ दिन पहले मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ में अपने भाई अजय सिंघई के घर आई थीं। शनिवार की दोपहर करीब साढ़े बारह बजे उनका भाई अजय व उसकी पत्नी रजनी सिंघई अपनी कार से उन्हें ललितपुर रेलवे स्टेशन छोड़ने के लिए जा रहे थे। अभी वह शहर के कैलगुवां चौराहा के पास ही पहुंचे थे कि बुलट मोटरसाइकिलों से भरे एक कंटेनर ने उनकी कार में टक्कर मार दी, जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई और कार में सवार ऊषा गोदरे व रजनी सिंघई घायल हो गईं, जबकि कंटेनर चालक बिहार के अगडेर रोहतास के सासारा निवासी शैफ (22) पुत्र जमाल घायल हो गया। जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायलों को उपचार के लिए एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।