संवाद न्यूज एजेंसी
कडे़सरा कलां/तालबेहट। ग्राम कड़ेसरा कलां के राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर रविवार की शाम करीब 8:30 पर एक कंटेनर मिक्सर ट्रक में टक्कर मारते हुए पलट गया। हादसे में दोनों वाहनों के चालक बाल-बाल बच गए और किसी को भी गंभीर चोटें नहीं आई।
नोएडा से चेन्नई की ओर जा रहा मोटरसाइकिल से भरा कंटेनर रविवार की शाम नेशनल हाईवे-44 पर ग्राम कडे़ेसरा कलां के पास स्थित पेट्रोलपंप के पास पहुंचा। तभी पेट्रोल पंप से डीजल डलवा कर आ रहे सौर ऊर्जा प्रोजेक्ट के काम पर लगे मिक्सर ट्रक में टक्कर मारता हुआ पलट गया। हादसे में कंटेनर चालक को मामूली चोटें आई, जबकि मिक्सर ट्रक चालक-बाल बाल बच गया। गांव वालों की सूचना पर चौकी झरर पुलिस मौके पर पहुंची और चोटिल कंटेनर चालक को अस्पताल पहुंचाया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार मिश्रा ने बताया कि घटना में चोटिल हुए चालक को अस्पताल में भर्ती कराया गया। आगे की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।