बिजरौठा/तालबेहट। जखौरा-तालबेहट मार्ग पर स्थित मजरा बोलारी में एक ठेकेदार ने निर्माण सामग्री सड़क के मध्य फैला दी। इससे राहगीरों को निकलने में भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। निर्माण सामग्री में बालू के स्थान पर क्रशर की डस्ट देखकर ग्रामीण असमंजस में हैं। उन्होंने सड़क की सीसी गुणवत्ता पूर्ण तरीके से कराने की ओर अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया है। ग्राम सभा बिजरौठा के मजरा बोलारी में सांसद निधि से ओमकार कुशवाहा के मकान से भगवानदास कुशवाहा के मकान तक सड़क पर सीसी रोड डाली जा रही है। ठेकेदार ने निर्माण सामग्री को सड़क के मध्य में डलवा दिया है, जिससे सड़क अवरुद्ध हो गई है। राहगीरों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। इस मार्ग पर हर समय वाहनों का आवागमन रहता है। ऐसे में कभी भी कोई गंभीर हादसा हो सकता हैं। वहीं, ग्रामीणों ने बालू के स्थान पर क्रशर की डस्ट के उपयोग पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराते हुए गुणवत्ता पूर्ण सड़क निर्माण की मांग की है।