डूब क्षेत्र से बाहर के किसानों को मुआवजा देने का चल रहा खेल
ललितपुर। मड़ावरा क्षेत्र के ग्राम धौरी सागर स्थित बंडई बांध के डूब क्षेत्र से बाहर के किसानों को मुआवजा दिए जाने की शिकायत डीएम से की गई है। आरोप लगाया गया है कि मूल काश्तकारों को छोड़ दिया गया, जबकि दूसरों के नाम सूची में शामिल करके करोड़ों रुपये के मुआवजा की बंदरबांट करने की तैयारी हो रही है। इस मामले में जांच शुरू कर दी गई है तथा रिकार्ड तलब किए गए हैं।
सिंचाई निर्माण खंड प्रथम में तैनात एक सींच पर्यवेक्षक के खिलाफ हिंदू युवा वाहिनी के जिला प्रभारी अमित दुबे ने डूब क्षेत्र के बाहर की जमीन के किसानों से सांठगांठ कर करोड़ों रुपये के फर्जी भुगतान कराने का आरोप लगाया है। शिकायती पत्र में कहा गया है कि कर्मचारी ने बांध के डूब क्षेत्र से बाहर की जमीन अपने करीबियों के नाम खरीदी और लेखपाल से मिलकर उसे डूब क्षेत्र में दिखा दिया। अब जमीन का मुआवजा पाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। आरोप यह भी लगाया कि उक्त कर्मचारी पहले भी इसी तरह से लाखों रुपये मुआवजा की रकम पा चुका है। शिकायतकर्ता अमित दुबे ने 14 किसानों के नाम की सूची भी शिकायती पत्र के साथ में लगाई है। लेखपाल द्वारा सूची को सत्यापित किया गया है। उन्होंने दोषी कर्मचारी के खिलाफ जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है।
मेरे संज्ञान में शिकायत आई है। इसलिए शिकायत से संबंधित रिकार्ड तलब किए गए हैं। एक सहायक अभियंता और जिलेदार को इस काम में लगाया गया है। एक-दो दिन में रिकार्ड मांगा गया है। यदि किसी तरह की अनियमितता पाई जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई होगी।
- भागीरथ, अधिशासी अभियंता, सिंचाई निर्माण खंड प्रथम