कांग्रेस पदाधिकारी ने पूरी कांग्रेस से मांगा इस्तीफा
- फोटो : demo
प्रदेश में बुरी तरह हारने के बाद जिला कांग्रेस में अंदरूनी कलह शुरू हो गई है। जिला कांग्रेस कमेेटी के महासचिव ने जहां हार की जिम्मेदारी लेते हुए नगर कांग्रेस से इस्तीफे की मांग की है, वहीं कांग्रेस के अन्य पदाधिकारियों ने महासचिव को खुद नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए सबसे पहले इस्तीफा देने और उनके द्वारा ऐसी मांग को अनुचित बताया है।
जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव हरिनारायण शर्मा ने एक पत्र जारी करते हुए बताया कि जिला कांग्रेस कमेटी को विधानसभा चुनाव में नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए ललितपुर कांग्रेस से इस्तीफा दे देना चाहिए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं में बढ़े हुए असंतोष के कारण कांग्रेस की बुरी हालत हुई है। सच्चे कांग्रेस के कार्यकर्ता को बहुत दुख है, कांग्रेस की हार के कारण उन्हें इसके लिए ठेस पहुंची है। उन्होंने बुुंदेलखंड के नेता प्रदीप जैन आदित्य, प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष राजबब्बर में अपना पूर्ण विश्वास जताया है। प्रदेश अध्यक्ष ने सच्चे मन से कांग्रेस के लिए प्रचार किया है। वह गठबंधन के विरोध में थे। कांग्रेस सात सीटें जीतती हुई 48 सीटों पर दूसरे नंबर पर रही है। उन्होंने कहा कि 105 सीटों पर कांग्रेस चुनाव लड़ी और ऐसी स्थिति में प्रदेश एवं जिले में उन नेताओं को बाहर का रास्ता दिखाने का यह उचित समय है।
महासचिव द्वारा इस तरह मांग करना उचित नहीं है। यदि कांग्रेस के उच्च पदाधिकारी ऐसा कोई आदेश देंगे, तब उनके अनुसार ही कोई निर्णय लिया जाएगा।
-दुर्गा प्रसाद कुशवाहा, जिलाध्यक्ष कांग्रेस।