ललितपुर। जिला अस्पताल में कोरोना की पुष्टि के लिए आई कंफरमेट्री किट खत्म हो गई हैं। इससे अब पॉजिटिव आने के बाद कंफरमेट्री किट से जांच होने में समस्या आ गई है। शनिवार को जिला अस्पताल प्रशासन द्वारा झांसी से दस किट मंगाई गईं।
जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। इसी माह एक सौ से अधिक मरीज मिल चुके हैं। तालबेहट में बने एल-1 हॉस्पिटल के 30 पलंग फुल हो गए हैं। अब मरीजों को अटैच एल-1 हॉस्पिटल में भर्ती किया जा रहा है। शासन द्वारा कोरोना की जांच के लिए ट्रू-नॉट मशीन उपलब्ध कराई है। इसमें एक दिन में बीस व्यक्तियों की ही जांच हो पाती है। अब तक इससे कई मरीजों की जांच हो चुकी है। इस दौरान लगभग दो दर्जन से अधिक कोरोना संक्रमितों की पुुष्टि की गई है। इस मशीन में संदिग्ध के सैंपल की जांच टेस्ट किट से की जाती है। इसमें निगेटिव आने पर कोई बात नहीं होती, लेकिन यदि टेस्ट किट में पॉजिटिव बताती है तो संबंधित व्यक्ति में कोरोना की जांच की पुष्टि कंफरमेट्री किट से की जाती है।
अब तक लगभग दो सौ कंफरमेट्री किट का उपयोग किया जा चुका है। अब यह किट अस्पताल में समाप्त हो गईं है। शुक्रवार को समाप्त होने के बाद शनिवार को जिला अस्पताल प्रशासन ने दस किट झांसी से मंगाईं। ऐसे में दस से अधिक पॉजिटिव मरीज आने पर उनकी जांच नहीं हो सकेगी।
गर्भवतियों को हो सकती है परेशानी
जिला महिला अस्पताल में बीते दिनों प्रसव को आई लगभग दो महिलाएं संक्रमित पाई गईं थीं। इस पर अस्पताल प्रशासन ने कोरोना जांच के बाद प्रसव के लिए महिलाओं को अस्पताल में प्रवेश दिए जाने का निर्णय लिया है। अब जिला अस्पताल में कंफरमेट्री किट खत्म होने की स्थिति में है। ऐसे में प्रसव को आने वाली महिलाओं की जांच होने में दिक्कत आ सकती है।
कनफरमेट्री किट जिला अस्पताल में समाप्त हो गईं है। उनकी डिमांड लगा दी गई है। सोमवार को किट उपलब्ध हो जाएगी।
- डॉ. संजय वासवानी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, जिला अस्पताल पुरुष