जिलाधिकारी ने एडीएम नमामि गंगे को मौके पर निरीक्षण कर मांगी जांच रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। शहर के मोहल्ला डोंड़ाघाट स्थित बिदुआ कॉलोनी में अमृत योजना के तहत बिछाई गई पाइपलाइन से लगातार रिसाव होने से मोहल्लेवासी परेशान हैं। इसकी शिकायत मिलने पर जिलाधिकारी ने इस पर नाराजगी जताई और तीन दिन में रिसाव ठीक करने के निर्देश दिए।
कलक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी कार्यालय में शुक्रवार को जनसुनवाई में बताया गया कि शहर के मोहल्ला तालाबपुरा स्थित बिदुआ कॉलोनी में अमृत योजना के अंतर्गत जन जीवन मिशन की ओर से बिछाई गई पाइपलाइन से लगातार जल रिसाव हो रहा है, जिससे पानी की बर्बादी के साथ-साथ आमजन को असुविधा हो रही है। जिलाधिकारी ने एडीएम नमामि गंगे राजेश श्रीवास्तव को निर्देश दिए कि वह मौके पर जाकर जायजा ले और जल निगम एवं संबंधित कार्यदायी संस्था को निर्देशित कर तीन दिन में पाइपलाइन की मरम्मत एवं समस्या का पूर्ण समाधान कराते हुए अवगत कराएं।
उन्होंने चकबंदी से संबंधित प्रकरणों पर भी जिला बंदोबस्त अधिकारी एवं संबंधित चकबंदी अधिकारियों को मौके पर बुलाकर कई मामलों की गहन समीक्षा की और आपसी सहमति एवं नियमों के अनुरूप प्रकरणों का तत्काल निस्तारण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसामान्य की शिकायतों के प्रति संवेदनशील रहते हुए प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाए।