कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों संग बैठक लेते कमिश्नर झांसी सुभाष चंद्र शर्मा।
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को कमिश्नर झांसी मंडल जनपद में कराए जा रहे 50 लाख से अधिक लागत की परियोजनाओं के निर्माण कार्यों की प्रगति से संबंधित कार्यदायी संस्थाओं संग बैठक की। बैठक में डीएम अन्नावि दिनेश कुमार मौजूद रहे। अधिशासी अभियंता सिंचाई निर्माण खंड द्वितीय ने बताया कि भौंरट बांध परियोजना पर निर्माणाधीन कार्य फरवरी 2020 तक पूर्ण कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि कचनौंदा बांध पर भी प्रस्तावित निर्माण कार्य प्रगति पर है। जाखलौन पंप कैनाल के ऊपरी भाग पर बनाये जा रहे सोलर पावर प्लांट का कार्य 15 अक्तूबर तक पूर्ण कर लिया जाएगा। शहजाद स्प्रिंकलर परियोजना का कार्य जनपद झांसी के सिंचाई विभाग के अधिकारियों की देखरेख में किया जा रहा है। आयुक्त ने अधिशासी अभियंता सिंचाई को निर्देश दिये कि राजघाट बांध के डाक बंगला में आवश्यक संसाधनोें को दुरुस्त रखें। विद्युत विभाग के सहयोग से पंप केनाल पर कार्य पूर्ण होने के पश्चात टेस्टिंग का कार्य भी शीघ्रता के साथ किया जाए। साथ ही शासन द्वारा प्रस्तावित परियोजनाओं पर सिंचाई विभाग एवं विधुत विभाग तालमेल के साथ कार्य करें। अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग ने कहा कि बादरौन और सौजना में निर्माणधीन गौशालाओं का कार्य प्रगति पर है। इस पर आयुक्त ने निर्देश दिये कि कार्यदायी संस्थायें निर्माणधीन एवं शहरी क्षेत्रों में स्थित गौशालाओं में गौवंश के व्यवस्थित रखरखाव एवं प्रबंधन के लिए सभी व्यवस्थाएं सर्दियां आने से पूर्व ही दुरूस्त कर लें। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि हाईवे सहित शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विचरण कर रहे आवारा गौवंश को गौशालाओं में रखें, जिससे दुर्घटनाओं पर नियंत्रण हो सके।
बैठक में पुलिस अधीक्षक कैप्टन एमएम बेग, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अनिल कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी न्यायिक लवकुश त्रिपाठी, मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार पांडेय, जिला विकास अधिकारी इन्द्रमणि त्रिपाठी सहित कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी एवं अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।