आपूर्ति प्रभावित होने से कोयला-डीजल भट्ठियों का सहारा, थाली से लेकर रोटी तक महंगी
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। वाणिज्यिक गैस सिलिंडर की आपूर्ति प्रभावित होने और दामों में बढ़ोतरी का असर अब सीधे होटलों और ढाबों पर दिखाई दे रहा है। गैस महंगी होने के कारण संचालक कोयला और डीजल भट्ठियों का सहारा ले रहे हैं, जिससे खाने की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है।
जिले में पिछले करीब एक माह से गैस सिलिंडर को लेकर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि प्रशासन पर्याप्त उपलब्धता का दावा कर रहा है, लेकिन जमीनी स्तर पर लोग सिलिंडर के लिए भटकते नजर आ रहे हैं।
वाणिज्यिक गैस की किल्लत और महंगाई के चलते होटल संचालक अब कोयला, डीजल भट्ठियों और तंदूर का उपयोग कर रहे हैं। ईंधन महंगा पड़ने से होटलों में खाने के दाम बढ़ गए हैं। एक माह पहले 230 रुपये में मिलने वाली थाली अब 250 रुपये में मिल रही है।
इसी तरह मटर पनीर, शाही पनीर, दाल फ्राई सहित अन्य सब्जियों के दामों में 10 से 15 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। वहीं रोटी की कीमत में भी इजाफा हुआ है। सादी रोटी 10 रुपये से बढ़कर 12 रुपये और बटर रोटी 15 से बढ़कर 17 रुपये हो गई है।
अरिहंत भोजनालय के संचालक प्रवेंद्र कुमार ने बताया कि गैस आपूर्ति प्रभावित होने के कारण उन्हें कोयला भट्टी, डीजल भट्ठी और इंडक्शन का सहारा लेना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि जिन व्यंजनों में अधिक गैस की खपत होती थी, उन्हें फिलहाल बंद कर दिया गया है। खाद्य सामग्री जैसे तेल, मसाले और सब्जियों के दाम बढ़ने को भी कीमतों में इजाफे का कारण बताया जा रहा है।
तवा रोटी की जगह तंदूरी रोटी
होटल संचालकों के अनुसार गैस की कमी के चलते अब कर्मचारियों को तवा रोटी के बजाय तंदूरी रोटी दी जा रही है। कर्मचारी भी स्थिति को समझते हुए बिना शिकायत के इसे स्वीकार कर रहे हैं।
होटलों में नए रेट
व्यंजन
एक माह पूर्व (₹) वर्तमान रेट (₹)
थाली
230
250
मटर पनीर
130
140
शाही पनीर
150
160
कढ़ाई पनीर
190
200
दाल
130
140
दाल तड़का 140
150
मिक्स वेज
170
180
मलाई कोफ्ता
210
220
सादा चावल
80
90
जीरा राइस
100
110