सीएमओ ने दस्तावेज जब्त किए, दोषियों पर होगी कार्रवाई
- फोटो : demo
ललितपुर। बार सीएचसी में घर पर हुए तीन प्रसवों को संस्थागत दिखाने की जांच शुरू हो गई है। सीएमओ ने सीएचसी पहुंचकर दस्तावेज जब्त कर लिए हैं। उन्होंने कहा है कि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
घर में हुए प्रसवों को बार सीएचसी में दिखाए जाने की खबर अमर उजाला में प्रकाशित होने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। सीएमओ डा प्रताप सिंह के निर्देश पर अपर सीएमओ डा अजय भाले ने सीएचसी का निरीक्षण किया। इस दौरान औपचारिकता निभाई गई। यह जानकारी जिलाधिकारी को होने पर सीएमओ ने सीएचसी का दौरा कर जानकारी जुटाईं। बताया गया कि निरीक्षण के दौरान सीएमओ को सीएचसी बार में संविदा स्टाफ के कड़े तेवरों का सामना करना पड़ा।
सीएमओ डा प्रताप सिंह का कहना है कि सीएचसी बार में तीन संस्थागत प्रसव के बारे में शिकायतें मिली हैं। दस्तावेेजों को जब्त कर जांच शुरू कर दी गई है। दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
आंकड़ों का चल रहा खेल
संस्थागत प्रसव ज्यादा दिखाने की होड़ में कई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर घरों पर होने वाले प्रसवों को भी संस्थागत में दिखा दिया जाता है। इन प्रसवों को संस्थागत दिखाकर शासन से मिलने वाली सहयोग राशि की बंदरबांट कर ली जाती है। अगर उच्च अधिकारी संस्थागत प्रसव के मामलों की गंभीरता से जांच करें तो काफी फर्जीवाड़ा उजागर होगा।
महिला अधिकारियों को दी गई धमकियां
सीएचसी बार में तीन संस्थागत प्रसव के मामले की खबर लीक होते ही दोषी स्टाफ में हलचल मच गई। दोषी स्टाफ द्वारा दो महिला स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ जमकर अभद्रता की गई। महिला अधिकारियों को देख लेने की धमकी भी दी गई। इस मामले की शिकायत डीएम से की जाएगी।