सरकार बदलते ही सरकारी कार्यालयों में कार्यप्रणाली बदल गई है। इस समय सरकारी कार्यालयों में सफाई व रंगाई-पुताई का काम चल रहा है। यही नहीं, धूल खा रही फाइलों को व्यवस्थित करने का भी काम शुरू हो गया है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी ने सरकारी कार्यालयों के कामकाज को सुधारने के लिए व्यापक दिशा निर्देश जारी किए हैं। जिसका असर अब सरकारी कार्यालयों में दिखाई देने लगा है। कार्यालयों की दीवारों पर पान, गुटखा की पीक को छिपाने के लिए रंगाई-पुताई की जा रही है। वहीं, फाइलों पर जमी धूल को हटाने का सिलसिला शुरू हो गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार राय ने अपने कार्यालय को चकाचक कर दिया है। उन्होंने अपने कक्ष में टाइल्स लगवा दिए हैं तो कुर्सियां भी नई आ गई हैं। इसके अलावा दीवारों पर डिस्टेम्पर की पुताई कराई गई है तो दीवार के निचले हिस्से पर की गई पेंटिंग ने चार चांद लगा दिए हैं। वित्त एवं लेखाधिकारी डोगरा शक्ति ने भी अपने कक्ष में टाइल्स लगवाएं हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में भी फाइलों को व्यवस्थित किया जा रहा है। शनिवार को बीएसए कार्यालय के हॉल में साफ सफाई की गई। वहीं, विभिन्न भर्तियों में चयनित अभ्यर्थियों की फाइलों को कपड़े में बांधकर रखा गया। लेकिन, हॉल में पुताई की कमी खल रही है।