संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। शहजाद नदी में 29 लाख 21 हजार रुपये से साफ-सफाई कराई गई। ग्राम पंचायत चीराकोडर में करीब 15 सौ मीटर क्षेत्र में नदी के दोनों ओर सफाई की गई।
विकास खंड बिरधा अंतर्गत ग्राम पंचायत चीराकोडर में नदी अत्यंत जीर्ण-शीर्ण अवस्था में थी। नदी का आकार एवं दिशा न होने के कारण इसका स्वरूप विलुप्त हो चुका था। वर्षा के उपरांत भी नदी में पानी नहीं ठहरता था। ग्रामवासी नदी के पानी का लाभ सिंचाई एवं अन्य कार्यों हेतु नहीं कर पाते थे। जल संचयन न होने के कारण भूमिगत जलस्तर अत्यधिक कम हो गया था। जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी के निर्देश पर ग्राम सभा की खुली बैठक में शहजाद नदी का जीर्णोद्धार कराने का प्रस्ताव किया गया। टेक्निकल टीम ने कार्य की लंबाई-चौड़ाई इत्यादि का अवलोकन कर नदी की डिजाइन तैयार की। 1500 मीटर में कार्य कराने के लिए 29 लाख 21 हजार रुपये का एस्टीमेट तैयार किया गया। खंड विकास अधिकारी से स्वीकृति मिलने के पश्चात मनरेगा जाॅबकार्ड धारकों से कार्य करवाया गया। इससे ग्राम पंचायत के भूमि का जल स्तर बढ़ेगा एवं खेती की सिंचाई के लिए जल की पर्याप्त व्यवस्था होगी।
जिलाधिकारी के निर्देश पर विकास खंड बिरधा की ग्राम पंचायत चीराकोडर में मनरेगा के तहत शहजाद नदी का जीर्णोद्धार कराया गया। नदी वहां पर स्वरूप खो चुकी थी।
केके पांडे, मुख्य विकास अधिकारी।