संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। नगर पालिका सफाई अभियान चलाती रहती है, लेकिन नई बस्ती स्थित वार्ड नंबर 17 की गलियों में कचरा व नालियों में जमा दूषित पानी से सफाई व्यवस्था फिसड्डी साबित हो रही है। इससे मोहल्लावासी परेशान हैं।
यहां के लोगों का कहना है कि पिछले 6 माह से सफाई कर्मचारी नहीं आए हैं। गली में कचरे का ढेर लगा हुआ है, इससे दुर्गंध उठ रही है। गलियों की सफाई न होने से नालियों में जमा दूषित पानी से मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। बीमारियां भी पनपने का खतरा बना हुआ है। वार्ड की नालियां जगह-जगह टूटी होने से इसका दूषित पानी सड़क पर बह रहा है। इस समस्या को लेकर चेयरमैन से लेकर सभासद तक को अवगत कराया गया, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया।