एआरटीओ आफिस में शुक्रवार की रात खिड़की तोड़कर घुसे अज्ञात चोरों ने आफिस के ताले तोड़कर अलमारियां खंगाली। हालांकि, उनको कुछ धनराशि नहीं मिली।
रोज की तरह शुक्रवार की शाम को आफिस बंद हो गया। परिसर में निर्माण कार्य चलने के कारण 4-5 मजदूर रुके हुए थे। चौकीदार कमलेश के परिवार में शादी होने के कारण वह छुट्टी पर गया था। शनिवार की सुबह 8 बजे चौकीदार आफिस पहुंचा तो मुख्य दरवाजे का ताला खोलकर अंदर गया तो खिड़की टूटी मिली। इसकी जानकारी उसने उप संभागीय अधिकारी प्रशासन सोमलता यादव की को दी। उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस को आफिस के बायीं ओर खिड़की का एक सरिया टूटा मिला, साथ ही निचले तल पर स्थित डॉटा बेस ऑपरेटर रूम, दूसरी मंजिल पर स्थित लाइसेंस सेक्शन रूम व रजिस्ट्रेशन रूम के ताले टूटे पाए गए। इन कमरों में मौजूद अलमारियों के साथ उप संभागीय अधिकारी प्रशासन के कमरे में मौजूद अलमारी भी सरिये से खोली गई थी। लेकिन, गनीमत रही कि बदमाशों को कहीं पर पैसा नहीं मिला।