- बीते दिनों नोडल अधिकारी ने किया था निरीक्षण, तब सामने आई थीं कमियां
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मेडिकल कॉलेज में तीमारदारों को बैठने के लिए कैफेटेरिया हाॅल की सुविधा मिलेगी। कॉलेज प्रशासन द्वारा अव्यवस्थित पड़े हाॅल को व्यवस्थित कराया जा रहा है। इसकी रंगाई-पुताई व चोक नाली की सफाई भी की जा रही है। इससे पीछे हाॅल में तीमारदारों को दुर्गंध से नहीं जूझना होगा।
मेडिकल कॉलेज का 14 जून को नोडल अधिकारी व सीईओ बीडा अमृत त्रिपाठी ने निरीक्षण किया था। इसमें कैफेटेरिया हाॅल में अव्यवस्थाएं पाई गई थीं, जिसको लेकर उन्होंने तीन घंटे में सफाई करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद अमर उजाला ने 24 घंटे बाद पड़ताल की थी। इसमें हालत जस की तस बनी हुई थी। वहीं, टंकी के पास नाली भी चोक पड़ी थी। इससे हाॅल में टिनशेड के नीचे बैठ रहे मरीज व तीमारदारों को समस्याओं से जूझना पड़ रहा था।
समस्या को लेकर अमर उजाला ने पेज नंबर चार पर ‘नोडल अधिकारी के आदेश हवा हवाई’ शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया था। इसके बाद हरकत में आए कॉलेज प्रशासन ने कैफेटेरिया हाॅल की पुताई का कार्य शुरू करा दिया है। हाॅल के दुरुस्त होने पर मरीजों व तीमारदारों को बैठने की सुविधा मिल सकेगी। वहीं, टंकी के पास चोक पड़ी नाली को भी खुलवाकर साफ करा दिया गया है। इससे टिनशेड़ के नीचे बैठ रहे तीमारदार व प्रसूताओं को सुविधा होगी।