18 को जिला कार्यालय व 19 व 20 को विधानसभा क्षेत्र की होगी बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। मुख्यमंत्री के बयान के बाद जनपद में भाजपा नेता सक्रिय हो गए हैं। यह सक्रियता एसआईआर में हिंदू वोटर कम होने के मुख्यमंत्री के बयान के बाद आई है। उनका उद्देश्य जनपद में छूटे हुए मतदाताओं को वोटर लिस्ट में जोड़ना है।
भाजपा जिलाध्यक्ष हरिश्चंद्र रावत ने इस संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 17 नवंबर को वोटर लिस्ट जारी होगी। इसके तुरंत बाद 18 नवंबर को पार्टी पदाधिकारियों की एक बैठक होगी। इस बैठक में छूटे मतदाताओं को जोड़ने की कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया जाएगा। जनपद में मतदाता पुनरीक्षण के दौरान कई मतदाता सूची में शामिल होने से रह गए थे। अब भाजपा नेता इन छूटे हुए मतदाताओं को लेकर सक्रिय नजर आ रहे हैं।
0000000000000
बूथ स्तर पर कार्य
भाजपा ने 18 साल की आयु पूरी कर चुके नए मतदाताओं को जोड़ने का काम शुरू किया है। शादी के बाद ससुराल आई वधुओं सहित अन्य छूटे मतदाताओं के वोट बढ़वाने के लिए बूथ स्तर पर काम शुरू किया गया है। जिलाध्यक्ष ने बताया कि 19 और 20 नवंबर को विधानसभा स्तर पर बैठकें होंगी। इन बैठकों में पार्टी पदाधिकारियों को इस संबंध में जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। बूथ स्तर के कार्यकर्ता एसआईआर में छूटे एक-एक वोटर का नाम सूची में बढ़वाने के लिए काम करेंगे।