ललितपुर। परिषदीय विद्यालयों में कल से बच्चे पहुंचने शुरू हो जाएंगे। शिक्षण कार्य भी शुरू हो जाएगा। शिक्षक-शिक्षिकाएं विद्यालय आने वाले बच्चों का स्वागत करने की तैयारियों में जुट गए हैं।
1357 परिषदीय व कंपोजिट विद्यालय में 1.27 लाख बच्चे पंजीकृत हैं। एक अप्रैल से नवीन शैक्षिक सत्र की शुरुआत हुई थी। इसके बाद 20 मई से 15 जून तक स्कूलों में ग्रीष्मावकाश घोषित कर दिया गया था। लेकिन, गर्मी के कारण बच्चों की छुट्टी 30 जून तक बढ़ा दी गई थी। अब एक जुलाई से विद्यालय में बच्चों के आने पर चहल-पहल शुरू हो जाएगी। इससे पूर्व विद्यालय सहित कक्षा-कक्षों में साफ-सफाई का कार्य कराया जा चुका है। अब पहले दिन विद्यालय आने वाले बच्चों के स्वागत को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। बीएसए रणवीर सिंह ने बताया कि एक जुलाई को नवीन प्रवेश लेकर विद्यालय आने वाले बच्चों का स्वागत किया जाएगा। इनको फूल मालाएं पहनाई जाएंगी। अन्य बच्चों को तिलक व चंदन का टीका लगाकर स्वागत किया जाएगा।