कक्षा एक से आठवीं तक के छात्र-छात्राएं टेस्ट में होंगे शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। सरल एप के माध्यम से होने वाले निपुण मूल्यांकन टेस्ट से पूर्व परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा विभाग मॉक टेस्ट कराएगा। यह मॉक टेस्ट कक्षा एक से आठवीं तक के बच्चे देंगे।
जनपद में 1354 परिषदीय व कंपोजिट विद्यालय हैं। जिनमें करीब 1.60 लाख छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। इसके साथ जनपद के छह कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय संचालित हैं। इनमें 100-100 छात्राएं हैं। इन विद्यालयों में बच्चों में सीखने की क्षमता को आसान बनाने के लिए शासन के निर्देश पर निपुण भारत मिशन चलाया जा रहा है। जिसमें छात्र-छात्राओं को विषय सामग्री के जरिए शिक्षण कार्य कराया जाता है।
इसके साथ विद्यालयों को निपुण लक्ष्य हासिल करने की समय सीमा भी निर्धारित की जाती है। निपुण लक्ष्य के तहत कक्षा एक से आठ तक के छात्र-छात्राओं के शैक्षिक स्तर को परखने के लिए सरल एप के जरिए निपुण मूल्यांकन टेस्ट कराया जाता है। इस शैक्षिक सत्र में सितंबर माह में कक्षा एक से आठवीं तक के छात्र-छात्राओं का निपुण टेस्ट किया जाना है। जिसको लेकर विद्यालयों में रूपरेखा बनाई जाने लगी है।
अब शासन ने इस टेस्ट से पूर्व छात्र-छात्राओं के मॉक टेस्ट कराए जाने के निर्देश दिए हैं। निर्देशों के क्रम में विद्यालयों में मॉक टेस्ट कराए जाने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रामपाल सिंह ने बताया कि मॉक टेस्ट कराने के लिए सभी परिषदीय व कस्तूरबा आवासीय विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों, इंचार्ज प्रधानाध्यापकों को निर्देश दे दिए गए हैं।