संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। राष्ट्रीय पंचायती राज ग्राम प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष अनुपम चौबे के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल एसपी मोहम्मद मुश्ताक से मिला और विपक्षियों पर ग्राम पंचायत मिनौरा के प्रधान व उनके साथियों को झूठे मामले में फंसाने का आरोप लगाया।
प्रार्थना पत्र में बताया कि ग्राम मिनौरा के प्रधान शोभाराम कुशवाहा से गांव के कुछ लोग रंजिश रखते हैं। विपक्षी उन पर एवं उनके साथियों पर झूठा आरोप लगाते हुए बदनाम कर मुकदमा लिखाने का प्रयास कर रहे हैं। संगठन ने उक्त मामले की निष्पक्ष जांच किए जाने की मांग की।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि अब प्रधानी के चुनाव में डेढ़ वर्ष का समय ही रह गया है, ऐसे में ग्राम पंचायतों में शिकायतों के प्रकरण ज्यादा आएंगे। बिना जांच कराए कोई भी कार्रवाई न की जाए। इस मौके पर सोबरन, भुवन, सुमन, बब्लू, प्रधान प्रतिनिधि राजेश यादव आदि मौजूद रहे।