ललितपुर। प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 19 अप्रैल को जिले में आएंगे। यद्यपि, अभी उनका अधिकृत लिखित कार्यक्रम नहीं आया है, लेकिन अधिकारियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। वह यहां गरीबों को समाजवादी सूखा राहत सामग्री बांटेंगे।
मुख्यमंत्री 19 अप्रैल को जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह गरीबों को सूखाराहत पैकेट बांटेंगे। उनकी जनसभा गिन्नोट बाग स्थिति मैदान में होगी। इसके बाद मुख्यमंत्री किसी लोहिया गांव का भ्रमण करने जाएंगे, जहां वह गांव के विकास की हकीकत देखेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए जिलाधिकारी डा. रूपेश कुमार ने सभी अधीनस्थों को जिला मुख्यालय नहीं छोड़ने तथा सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।
पिछले तीन साल से प्राकृतिक आपदा झेल रहे बुंदेलखंड के लोगों पर इस बार सूखा की मार पड़ी है। गरीबों को राहत पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने जिले में सूखा राहत पैकेट बांटने के निर्देश दिए है। जिले में 27,282 अंत्योदय कार्ड धारक गरीब परिवार हैं। इन सभी को समाजवादी सूखा राहत सामग्री बांटी जा रही है। इस राहत सामग्री में से प्रत्येक पात्र अन्त्योदय राशन कार्डधारक परिवार को दस किग्रा आटा, 25 किग्रा चावल, पांच किग्रा चले की दाल, पांच लीटर सरसों का तेल, एक किग्रा शुद्ध घी तथा एक किग्रा दूध पाउडर बांटा जाना है। हालांकि, जिला प्रशासन का प्रयास था कि मुख्यमंत्री के हाथों से ही गरीबों को खाद्यान्न बांटने की शुरूआत की जाए, लेकिन उनके आगमन में विलंब होने के कारण राहत सामग्री वितरण की औपचारिक शुरूआत हो गई है।