ललितपुर। श्री लक्ष्मीनारायण हनुमान धारा परिसर में सामुदायिक केंद्र निर्माण में बरती गई गड़बड़ियों की पुष्टि हो गई है। जिलाधिकारी ने पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष, तत्कालीन अधिशासी अधिकारी, तत्कालीन अवर अभियंता और के के कंसट्रक्शन फर्म को गड़बड़ी का दोषी मानते हुए आठ लाख बारह हजार सात सौ रुपये की वसूली करने के निर्देश दिए हैं।
तीन साल पहले श्री लक्ष्मीनारायण हनुमान धारा परिसर में सामुदायिक केंद्र का निर्माण किया गया था। निर्माण में गड़बड़ियों की शिकायत मोहल्ला गांधीनगर निवासी राहुल शुक्ला व महावीरपुरा निवासी अंतिम कुमार जैन ने मंडलायुक्त से की थी। इस पर बैठाई गई जांच में अनुचित रूप से भुगतान करने का मामला प्रकाश में आया है। इस पर जिलाधिकारी अन्नावि दिनेश कुमार ने माना कि सामुदायिक केंद्र के निर्माण कार्य में अनुचित तरीके से भुगतान कर नगर पालिका को आर्थिक क्षति पहुंचाई गई। उन्होंने आठ लाख बारह हजार सात सौ रुपये बराबर के अनुपात में मेसर्स केके कंसट्रक्शन रेखा सिंह निवासी ग्राम पनारी, तत्कालीन अवर अभियंता बिपिन कुमार, नगर पालिका परिषद के तत्कालीन अधिशासी अधिकारी राकेश कुमार और पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सुभाष जायसवाल से वसूल करने के निर्देश दिए हैं। ठेकेदार को ब्लैक लिस्टेड किए जाने की भी संस्तुति की गई। संबंधितों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
सामुदायिक केंद्र के निर्माण की जांच चल रही थी। जो भी दोषी पाए गए हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
- रजनी साहू
अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद
तीन साल पुराने मामले में रिकवरी के आदेश अधिशासी अधिकारी को दिए गए हैं। यह कार्रवाई कमिश्नर एवं शासन के निर्देश पर की गई है।
- अन्नावि दिनेश कुमार
जिलाधिकारी