संवाद न्यूज एजेंसी
पुलवारा (ललितपुर)। बार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों की उदासीनता के चलते मरीजों को सेवाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। सोमवार को यहां कार्यरत पांच चिकित्सक के मुकाबले इकलौती चिकित्सक ही ओपीडी में नजर आईं। वहीं, ओपीडी के बाहर बैठकर मरीज चिकित्सक का इंतजार करते नजर आए। लो वोल्टेज की समस्या के चलते कई माह से डिजिटल एक्सरे जांच मशीन बंद पड़ी है।
सोमवार दोपहर में अमर उजाला की टीम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थिति जानी। यहां मरीज तो काफी संख्या में थे, लेकिन अधिकांश ओपीडी सूनी नजर आई। एक महिला चिकित्सक की ओपीडी को छोड़ अन्य खाली दिखी। माइनर ओपीडी कक्ष के बाहर मरीजों की कतार लगी थी, लेकिन चिकित्सक न होने से वह निराश थे। मरीजों ने बताया कि लगभग डेढ़ घंटे से चिकित्सक का इंतजार कर रहे हैं। कई मरीज तो बिना इलाज के ही वापस हो गए।
-
छह माह से ठप पड़ी डिजिटल एक्स-रे जांच
यहां डिजिटल एक्स-रे के लिए मशीनें उपलब्ध कराई गई थीं। मशीनों को स्थापित करने के लिए कक्ष निर्धारित किया गया था। कुछ मशीनों को शिफ्ट भी कर दिया गया है। लेकिन, अब बिजली न मिलने से जांच सुविधा बंद पड़ी है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि लो वोल्टेज के चलते मशीन चालू नहीं हो पा रही है।