श्री जगदीश मंदिर समिति द्वारा एक माह पूर्व से भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा की तैयारियां की जा रही थीं। शनिवार को श्री जगदीश मंदिर में सुबह से ही विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। सुबह आठ बजे देव पूजन और भजन कीर्तन किया गया। मंदिर में भगवान जगन्नाथ के दर्शनार्थ भक्तों का तांता लगा रहा। शाम साढ़े चार बजे महंतों व पुजारियों के अगुवाई में महाआरती हुई। इसके बाद भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा का शुभारंभ घंटाघर स्थित जगदीश मंदिर से हुआ। यात्रा के प्रारंभ में श्रद्धालु धर्मध्वजा लिए पैदल व घोड़ों पर चल रहे थे, उनके पीछे विभिन्न आकर्षक झांकियां निकाली गईं। रथ यात्रा में विशेष आकर्षण के रूप में गोपाल छबीली पार्टी एटा के कलाकारों द्वारा वृंदावन की होली, भगवान राधा- कृष्ण का महारास, राधाकृष्ण द्वारा मयूर नृत्य, उज्जैन के महाकाल का राज दरबार, उज्जैनी ढोल एवं तासों व तोपों के प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहे। इसके बाद भगवान के काष्ठ निर्मित रथों को श्रद्धालुओं द्वारा हाथ से खींचकर नगर भ्रमण पर निकाला गया। पहली बार जगन्नाथ पुरी की तर्ज पर निकाली जाने वाली यात्रा को देखने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं का सड़कों के दोनों ओर जमावड़ा लगा रहा। बैंड बाजों की धुनों पर भक्तजन रथों के आगे नाचते- गाते चल रहे थे। वहीं, महिला श्रद्धालुओं द्वारा भी रथों के साथ चलते हुए धार्मिक गीत गाए जा रहे थे। यात्रा में हर कोई रथों को हाथों से खींचकर पुण्य लाभ लेने के लिए आतुर दिखा।
रथ यात्रा के स्वागत के लिए जगह- जगह तोरण द्वार बनाए गए। विभिन्न सामाजिक संगठनों ने तंबू लगाकर रथ यात्रा का स्वागत किया और मिष्ठान वितरित किया। सावरकर चौक व रामराजा मंदिर पर भगवान की आरती उतारकर श्रद्धालुओं ने यात्रा का स्वागत किया। रथ यात्रा घंटाघर, सदर कांटा, पानी की टंकी, तलैयापुरा, महावीर पुरा, रावरपुरा, चौबयाना, नदीपुरा, आजादचौक, सावरकर चौक होते हुए वापस श्री जगदीश मंदिर पहुंची, जहां भगवान की महाआरती हुई। रथ यात्रा में चंद्र विनोद हुंडैत, श्रीकांत, श्याम, सुधांशु शेखर, राजेंद्र, आदर्शकांत, विभाकांत, केदारनाथ, हृदेश हुंडैत, संजीव हुंडैत, जगदीश नारायण, पंकज, हिमांशु, पीयूष हुंडैत, अनुज, अभिषेक हुंडैत, जगन्नाथ रथ यात्रा समिति के अध्यक्ष रामेश्वर सड़ैया, इंदर राजा, रामगोपाल नामदेव, धर्मेंद्र रावत, गोविंद व्यास, संतोष सोनी, जगदीश नामदेव, अनंतराम तिवारी, भगवान बाजपेई, सिद्धार्थ शर्मा, दीपक नामदेव, बृजेश चौबे, वासुदेव पाटकर, गिरीश पाठक समेत सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।