झांसी के गुरसराय ले जाकर धार्मिक स्थल में कराए थे कागजात पर हस्ताक्षर
ललितपुर (झांसी)। आदिवासी युवती से नाम बदलकर शादी करने और बाद में जबरन मांस खिलाकर धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर करने के मामले में पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शहर की एक कॉलोनी निवासी आदिवासी युवती ने पुलिस को तहरीर दी। इसमें बताया कि उसके माता-पिता की मौत के बाद वह अपने भाई के साथ रह रही थी। करीब तीन वर्ष पूर्व उसके संपर्क में एक युवक आया। अपना नाम अर्जुन बताया। युवक ने फुसलाकर उससे शारीरिक संबंध बनाए। कुछ दिन बाद उससे शादी कर ली। किसी बहाने युवक उसे गुरसराय झांसी ले गया। यहां एक धार्मिक स्थल पर ले जाकर कुछ कागजात पर हस्ताक्षर कराए। बाद में युवक ने अपना सही नाम शहबाज खान निवासी अंजनी नगर पूराकलां रोड तालबेहट बताया। युवती ने विरोध किया तो आरोपी ने उसे जान से मरने की धमकी दी। इस दौरान उसे जबरन मांस खिलाया और उसे प्रताड़ित किया। विरोध करने पर शहबाज, उसके मामा अलीम खान, अलीम की पत्नी फिरदौस, फिरदौस की बहन रुकसार निवासी मोहल्ला रामनगर और आरोपी शहबाज की मां हाजिरा और भाई अरबाज ने 26 अप्रैल को उसके साथ मारपीट की और धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया। किसी प्रकार वह मौका पाकर वहां से भाग निकली। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।