संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मुख्य विकास अधिकारी शेषनाथ चौहान ने बुधवार को विकास भवन स्थित लघु सिंचाई विभाग कार्यालय का औचक निरीक्षण किया, प्रथम तल पर अग्निशमन यंत्र मौजूद न होने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की, साथ ही कई कक्षों में उन्हें उचित सफाई भी नहीं मिली, जिस पर उन्होंने साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने बुधवार दोपहर को विकास भवन स्थित सहायक अभियंता लघु सिंचाई विभाग कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। यहां आईजीआरएस की निस्तारण रजिस्टर में कई पत्रावली पंजीकृत नहीं पाई गईं। साथ ही सुबह 10 से 12 बजे जनसुनवाई रजिस्टर पाया गया। साथ कार्यालय में सहायक अभियंता पवन कुमार अवकाश पर पाए गए, सहायक अभियंता रिंग पंकज कुमार कश्यप मिले। अन्य महिला कर्मचारी भी अवकाश पर मिली। कार्यालय में पत्रावली का रखरखाव भी ठीक ढंग से नहीं पाया गया। जगह-जगह पर विद्युत तार लटकते पाए गए, जिन्हें ठीक कराने के निर्देश दिए गए।
कार्यालय में अग्निशमन यंत्र न मिलने पर सीडीओ ने नाराजगी व्यक्त की, कर्मचारियों ने बताया कि कालातीत होने के कारण उन्हें रिफिल के लिए भेजा गया है। साफ-सफाई ठीक नहीं पाई गई, इन सभी व्यवस्थाओं को ठीक करने का आदेश दिया। सीसीटीवी कैमरा क्रियाशील न होने पर नाराजगी व्यक्त की है। साथ ही कार्यालय में पत्रावली जहां-तहां बिखरी पाई गई। जबकि कार्यालय में रखी हुई अलमारी खाली पाई गई। जिला कार्यक्रम अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में गंदगी देख, तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला विकास अधिकारी अतिरंजन सिंह आदि मौजूद रहे।