माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा आयोजित वर्ष 2019 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की संस्थागत और व्यक्तिगत परीक्षा वायस रिकार्डर युक्त सीसीटीवी कैमरा की निगरानी में होगी। इस दौरान परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण और अतिसंवेदनशील कार्य को देखते हुए संपूर्ण परीक्षा अवधि तक अवकाश तिथियों सहित जनपद मुख्यालय नहीं छोड़ने के लिए समस्त शिक्षक/शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं।
सात फरवरी से प्रारंभ होकर 02 मार्च तक चलने वाली हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा को नकलविहीन बनाने के लिए व्यापक तैयारी की गई है। डीएम मानवेंद्र सिंह ने परीक्षा की शुचिता, पवित्रता, गुणवत्ता, विश्वसनीयता एवं विधि व्यवस्था बनाये रखने के लिए जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापकों की बैठक ली। जिला विद्यालय निरीक्षक रामशंकर ने सात फरवरी आरंभ होने वाली बोर्ड परीक्षा की पूर्व तैयारियों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि जनपद में हाईस्कूल के संस्थागत 20819 एवं व्यक्तिगत 971 कुल 21790 परीक्षार्थी सम्मिलित हो रहे हैं।
इण्टरमीडिएट के संस्थागत 12156 एवं व्यक्तिगत 576 कुल 12732 परीक्षार्थी सम्मिलित हो रहे हैं। उन्हें परीक्षा में बैठाने के लिए 45 केन्द्र बनाए गए हैं। परीक्षा केन्द्र पर दो-दो सीसीटीवी वॉयर रिकार्डर युक्त, फर्नीचर, पेयजल, बाउंड्रीवाल, विद्युत व्यवस्था एवं शौचालय आदि व्यवस्थाओं से लेस किय गया है। वहीं, कार्यालय में कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। इसके अतिरिक्त 05 जोनल मजिस्ट्रेट, 12 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 45 स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। परीक्षा को नकलविहीन और सुुचितापूर्णा कराये जाने हेतु जनपद स्तर पर 05 सचल दलों का गठन किया गया है। परीक्षा केन्द्र पर परीक्षा अवधि में प्रबंधक या प्रबन्ध समिति के सदस्यों को प्रवेश वर्जित रहेगा। जिन अध्यापकों/कर्मचारियों के पास परिचय पत्र होेगा, वही परीक्षा केंद्र के अंदर उपस्थित रह सकेंगे। एक कक्ष में अधिकतम 40 छात्र-छात्रायें परीक्षा देंगे जबकि दो कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगायी जाएगी। कक्ष के अंदर किसी को भी मोबाइल या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नही होगी। प्रशासनिक अधिकारियों के निरीक्षण में सीसीटीवी कैमरे बंद पाये गए तो प्रधानाचार्य एवं केंद्र व्यवस्थापक के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
कार्यालय द्वारा कक्ष निरीक्षकों की विद्यालयवार ड्यूटी लगायी जायेगी। केंद्र व्यवस्थापक/प्रधानाचार्य का दायित्व होगा कि जिस दिन परीक्षा केंद्र पर परीक्षा हो उस दिन परीक्षा प्रारंभ होने से उत्तर पुस्तिका शील होने तक का सीसीटीवी फुटेज सीडी में तैयार कर कार्यालय को उपलब्ध कराना होगा। संवेदनशील परीक्षा केन्द्रों पर सीसीटीवी फुुटेज/रिकाडिंग की जांच निश्चित रूप से की जाएगी। सभी केन्द्र व्यवस्थापक पूरी परीक्षा अवधि की सीसीटीवी फुटेज/रिकाडिंग सुरक्षित रखेंगे। जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने केंद्र व्यवस्थापकों को चेतावनी देते हुये कहा कि शासन की मंशानुसार बोर्ड परीक्षा संपन्न कराना सभी का दायित्व हैं। परीक्षा केंद्र पर नकल जैसा प्रकरण संज्ञान में आया तो संबंधित केन्द्र व्यवस्थापक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। बोर्ड परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की कोताही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बोर्ड परीक्षा के समय पुलिस बल, विद्युत आपूर्ति, दूरस्थ क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों में बस सेवा के समय में परिवर्तन, चिकित्सा व्यवस्था आदि उपलब्ध कराने हेतु संबंधित विभाग के अधिकारियों को जिलाधिकारी ने निर्देशित किया। बैठक में अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, ललितपुर, जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, प्राचार्य जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान ललितपुर, जिला बेसिक शिक्षाधिकारी ललितपुर, समस्त केन्द्र व्यवस्थापक , अतिरिक्त केन्द्र व्यवस्थापक आदि उपस्थित रहे।