ललितपुर। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अवैध शराब बेचने के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। थाना नाराहट अंतर्गत ग्राम डोंगराखुर्द में लॉकडाउन के दौरान अवैध रूप से कच्ची शराब बेचने के मामले में नाराहट पुलिस ने एक आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
नाराहट थाने में तैनात एसआई सुरेंद्र कुमार ने तहरीर देकर बताया कि ग्राम डोंगराखुर्द निवासी रामसेवक यादव पुत्र अर्जुन को गांव में ही 12 लीटर अवैध रूप से कच्ची शराब बेचते पकड़ा। यह लॉकडाउन का खुला उल्लंघन कर लोगों की भीड़ एकत्रित कर रहा था। पुलिस ने एसआई की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना पाली में तैनात एसआई पीर मोहम्मद ने तहरीर देकर बताया कि कस्बा पाली निवासी धर्मेंद्र चौरसिया को समूह में एकत्रित होकर धारा 144 का उल्लंघन करते पाया गया। जिस पर पाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ लॉकडाउन के उल्लंघन में धारा 188 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना कोतवाली के मोहल्ला आजादपुरा निवासी राहुल जैन ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि अंशुल साहू पुत्र कांशीराम समेत तीन लोगों आए और एक राय होकर कोरोना महामारी के चलते लॉकडाउन का उल्लंघन करते हुए गाली-गलौज कर मारपीट करने लगे व जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने अंशुल साहू समेत तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इसी प्रकार कोतवाली पुलिस ने ग्राम पनारी निवासी जसराम की तहरीर पर गांव के जगभान पुत्र नंदलाल पर लॉकडाउन के दौरान गालीगलौज कर मारपीट के मामले में मुकदमा दर्ज किया है। ग्राम पनारी के बिहारीलाल की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने ग्राम पनारी के रामदीन कुशवाहा के खिलाफ लॉकडाउन के दौरान एकत्रित होकर गालीगलौज कर मारपीट करने के मामले में मुकदमा दर्ज किया है। ग्राम गनगौरा निवासी तारा पत्नी सोहन की तहरीर पर गांव के खेमचंद पुत्र शिवराज लोधी समेत दो लोगों के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने लॉकडाउन के दौरान गालीगलौज कर मारपीट के मामले में मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाली अंतर्गत ग्राम गनगौरा निवासी कोमल पुत्र अर्जुन की तहरीर पर पुलिस ने गांव के देव सिंह लोधी समेत दो लोगों के खिलाफ मारपीट करने व लॉकडाउन के उल्लंघन के मामले में मुकदमा दर्ज किया है।
लॉकडाउन में जुआ खेलने पर आठ पर मुकदमा
थाना कोतवाली में तैनात एसआई आलोक सिंह ने तहरीर देकर बताया कि कैलगुंवा बाईपास के आगे छापामारी करने पर मोहल्ला नदीपुरा निवासी फिरोज खां पुत्र अनीस समेत आठ लोग लॉकडाउन के दौरान एकत्रित होकर जुआ खेलते पकड़े गए। उनके पास से मालफड़ से 8560 रुपये बरामद हुए। तलाशी में 2740 रुपये बरामद हुए। कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम एवं लॉकडाउन के उल्लंघन के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।