संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। दहेज के लिए मारपीट कर फंदे से लटकाने पर घायल महिला के मामले में पुलिस ने पति सहित सात ससुरालीजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना बानपुर अंतर्गत ग्राम उदयपुरा निवासी जितेंद्र सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसने अपनी बहन छोटी राजा की शादी 11 वर्ष पूर्व राजाजू निवासी गौना कुसमाड़ के साथ की थी। पति राजाजू, ससुर राघवेंद्र, सास मुन्नी, देवर शैलेंद्र, ननद छाया राजा, बंटीराजा, अंकित राजा मायके से पांच लाख रुपये लाने का दबाव बना रहे थे। सात मई 2016 को मारपीट कर उसकी बहन का जेवर छीनकर घर से निकाल दिया था। नौ मई 2016 को उसके घर आकर ससुरालीजनों ने मारपीट की थी। बानपुर पुलिस ने दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया था।
करीब तीन माह पूर्व ससुरालीजनों ने न्यायालय के समक्ष बहन से मारपीट न करने की बात कही थी, इस पर विश्वास करके उसने अपनी बहन को ससुराल भेज दिया था। लेकिन, वे पुन: उसकी बहन से मारपीट करने लगे। 14 फरवरी को भी इसी तरह की घटना की। वह बहन की ससुराल पहुंचा और वहीं रात रुक गया। इस बीच उसकी बहन छोटी राजा के चिल्लाने की आवाज आई। घर के अंदर गया तो ससुरालीजन उसकी बहन से मारपीट कर रहे थे। उन लोगों ने उसकी बहन को मारने के लिए फंदे से लटका दिया। उसने बचाने का प्रयास किया तो उसके साथ भी मारपीट की गई। फंदे से लटकने से बहन घायल हो गई थी, जिसे लेकर महरौनी सीएचसी पहुंचे, यहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी ससुरालीजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।