सुनौरी स्थित मंदिर में खुदाई के दौरान कुल 14 नग बिस्कुटनुमा वजनी धातु की वस्तुएं निकलने की बात सामने आई थी। पुलिस ने इस मामले में पांच नामजद सहित अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सुनौरी स्थित मंदिर में खुदाई के दौरान मिलीं सोने की ईंटों के रहस्यमय तरीके से गायब होने के मामले में पुलिस ने पांच नामजद सहित अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। यह कार्रवाई उपनिरीक्षक की तहरीर पर की गई है।
विज्ञापन
उपनिरीक्षक विकास कुमार ने दी तहरीर में बताया कि नौ अप्रैल को मंदिर परिसर के चबूतरे के आसपास बिना अनुमति जेसीबी से नींव की खुदाई कराई जा रही थी। खुदाई के दौरान अजय सोनी (निवासी ललितपुर), राजेंद्र सोनी उर्फ वल्लन (निवासी तालबेहट), हरदेश कुमार पटैरिया (निवासी सुनौरी), ठेकेदार बृजेश प्रजापति (निवासी ललितपुर), जेसीबी चालक शिवम अहिरवार (निवासी सुनौरी) सहित अन्य लोग मौजूद थे। इसी दौरान खुदाई में कुल 14 नग बिस्कुटनुमा वजनी धातु की वस्तुएं निकलने की बात सामने आई। आरोप है कि मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने इन्हें ‘बाबा की संपत्ति’ बताते हुए बिना किसी प्रशासनिक या पुलिस सूचना के पुनः गड्ढे में ही दबा दिया। इसके बाद उसी दिन रात करीब 8 बजे सूचना मिली कि पहले दबाई गई उक्त वस्तुओं को कुछ लोगों द्वारा दोबारा खोदकर चोरी कर लिया गया है। मामले में काफी खोजबीन की गई, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं लग सका।
नौ ईंटें बरामद कर चुकी है पुलिस
तहरीर के आधार पर पुलिस ने पांच नामजद सहित अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने अब तक नौ ईंटें बरामद कर ली हैं, जबकि शेष पांच ईंटों की तलाश जारी है। प्रभारी निरीक्षक मनोज मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।