मड़ावरा। बच्चों के बीच हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया और लाठियां चलीं। इससे एक पक्ष के पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने एक महिला सहित छह लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना मड़ावरा अंतर्गत ग्राम मानिकपुर निवासी अनंतराम ने तहरीर दी। बताया कि बृहस्पतिवार सुबह उसके ही गांव के हल्के पुत्र बाबू एवं प्रमोद, पुष्पेंद्र, अरविंद, संदीप, मीरा ने एकराय होकर गाली-गलौज करते हुए उनके परिजनों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इसमें हजारी, फूलादेवी, रेखा, अमित, शिल्पी घायल हो गए। तहरीर में बताया कि स्कूल में दोनों पक्षों के बच्चों के बीच स्कूल बैग पर सब्जी गिरने को लेकर वाद-विवाद हो गया था। इसके बाद विपक्षियों ने उसके परिवार पर हमला कर दिया और जान से मारने को धमकी दी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।