ललितपुर। सोमवार को हाईवे पर स्थित ढाबे पर बिजली चोरी की जांच कर रहे चीफ इंजीनियर राजीव माहेश्वरी पर हमला करने वाले ढाबा संचालक सहित पांच आरोपियों पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। आरोपियों में महिलाएं भी शामिल हैं। आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। तहरीर के मुताबिक सोमवार की रात को झांसी जाते समय चीफ इंजीनियर राजीव माहेश्वरी, अधिशासी अभियंता राकेश सिंह हाईवे पर ग्राम रोड़ा में स्थित काव्या ढाबे पर बिजली चोरी की जांच कर रहे थे। इसी दौरान ढाबा संचालक गजराज सिंह यादव और उनके परिजनों ने चीफ इंजीनियर को धक्का देकर गिरा दिया। आरोप है कि इन लोगों ने चीफ इंजीनियर के साथ अभद्रता भी की। इस हमले में मुख्य अभियंता चुटहिल हो गए थे। पुलिस ने ढाबा संचालक व उनके 4-5 अन्य के खिलाफ सरकारी काम में बाधा पहुंचाने सहित अन्य धाराओं मुकदमा दर्ज कर लिया है।
-
पहले भी पकड़ी जा चुकी है बिजली चोरी
इस ढाबे पर पहले भी बिजली चोरी पकड़ी जा चुकी है। 19 दिसंबर 2023 को उपखंड अधिकारी जगदीश प्रसाद व उनके स्टॉफ ने ढाबा संचालक के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया था। इसके साथ ही एसडीओ ने 21 दिसंबर को 15,9,645 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया था। इससे पूर्व भी 21 फरवरी 2023 को बिजली विभाग ने जांच की थी। इसमें भी 1,71,485 रुपये ढाबा संचालक को चुकाने थे। उसने दोनों ही बार जुर्माना नहीं जमा किया।
जेई व लाइन मैन पर हो चुकी है कार्रवाई
काव्या ढाबा पर बिजली चोरी के मामले में अवर अभियंता और संविदा लाइनमैन पर कार्रवाई की जा चुकी है। मुख्य अभियंता ने अवर अभियंता को निलंबित कर दिया था। जबकि संविदा लाइन मैन का स्थानांतरण कर दिया गया।
मुख्य अभियंता ने मारपीट की शिकायत की थी। एक नामजद व 4-5 व्यक्ति/महिलाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। हमलावरों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
जनार्दन यादव, प्रभारी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक
मंडल में बिजली चोरी के जितने भी मामले मिले हैं। उनकी सूची बनाई जा रही है। अगर इनमें से किसी में भी बिजली विभाग के कर्मी शामिल पाए गए उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
राजीव माहेश्वरी, मुख्य अभियंता