सींचपाल की तहरीर पर महिला सहित पांच के खिलाफ केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। गोविंद सागर बांध से निकली बायीं नहर के पास स्थित सिंचाई विभाग की जमीन पर पक्की बाउंड्रीवाल एवं पिलर बनाकर कब्जा करने के मामले में पुलिस ने महिला सहित पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
राजघाट निर्माण खंड में तैनात सींचपाल रघुवीर सिंह ने पुलिस को तहरीर दी है। इसमें बताया कि गोविंद सागर बांध से निकली बायीं नहर की आराजी संख्या-5472 रकवा 0.243, आराजी संख्या-5584 रकवा 0.729, आराजी संख्या 5593 रकवा 0.312 भूमि सिंचाई विभाग की है। इसमें बायीं नहर की आराजी सं-5472 रकवा 0.038, आराजी संख्या-5584 रकवा 0.547 एवं आराजी संख्या-5593 रकवा 0.211 हेक्टेयर कुल 3 रकबा 0.796 हेक्टेयर भूमि जोकि सिंचाई विभाग की भूमि है। उस पर शांतिबाई निवासी तालाबपुरा, रामसिंह राठौर निवासी लकडयापुरा, संजीव कुमार निवासी सिविल लाईन, अक्षयकुमार जैन निवासी रावरपुरा, जितेंद्र कुमार निवासी धौर्रा ने सामूहिक रूप से पक्की बाउंड्रीवाल व पिलर बनाकर कब्जा कर लिया है। उक्त आराजी नंबरों पर किए अतिक्रमण के विरुद्ध विभाग ने 16 अक्तूबर 2024 को आरोपियों को नोटिस दिए थे। नोटिस की कार्रवाई के बाद आरोपियों ने सिंचाई विभाग की भूमि से कब्जा हटा लिया। लेकिन आराजी संख्या-5579 के बैनामा की चौहद्दी में सिंचाई विभाग की नहर की भूमि को कब्जा करने के उद्देश्य से गलत चौहद्दी डलवा दी गई। उक्त आराजी सं-5579 की गलत चौहद्दी के कारण इनके द्वारा जानबूझकर सिंचाई विभाग की भूमि पर बाउंड्रीवाॅल बनाकर कब्जा कर लिया गया था। पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।