संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। निजी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य के पद पर तैनात युवक के आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर एक महिला सहित नौ आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाली महरौनी अंतर्गत ग्राम छायन निवासी नाथूराम ने न्यायालय को प्रार्थना पत्र देकर बताया था कि उसका पुत्र जगजीवन राम ज्योतिबा फुले इंटर कॉलेज सौंरई में प्रधानाचार्य था। उसके पुत्र व बहू सिया के बीच चरित्र को लेकर वाद-विवाद होता रहता था। उसके पुत्र की पत्नी सिया, मुन्नालाल, सुरजन, कन्हैया लाल उर्फ लल्लूराम, किशोरी लाल, खुशाल, धनीराम निवासी ग्राम सैदपुर, राजेश कुमार, मुकेश कुमार निवासी बम्हौरीघाट जगजीवन राम को मानसिक रूप से प्रताड़ित करते रहे। कई बार आरोपियों ने गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
11 नवंबर 2021 को उसकी बहू सिया, मुन्नालाल, कन्हैयालाल, किशोरी लाल, सुरजन, खुशाल, धनीराम आदि ने मिलकर बहाने से उसके पुत्र जगजीवन को बम्हौरीघाट बुलाया। यहां मारपीट को आमादा हुए। विपक्षियों ने धमकी दी कि सिया के चरित्र को लेकर उसके परिवार ने कोई बात की तो उसे समाज में बेइज्जत करा देंगे। साथ में विद्यालय में भी बदनाम करा देंगे। इस मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर उसके पुत्र जगजीवन राम ने 10 जनवरी 2022 की रात को आत्महत्या कर ली थी। उसके जेब से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ था, जिसमें जगजीवन राम ने आत्महत्या करने का कारण लिखा था। घटना की शिकायत पुलिस से की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।