ललितपुर। खजुराहो से आने वाली गीता जयंती एक्सप्रेस में शुक्रवार सुबह एक यात्री और चाय बेचने वाले के बीच विवाद हो गया। यात्री ने इसकी शिकायत एक्स पर की। कंट्रोल रूम से सूचना मिलने पर जीआरपी ने आरोपी वेंडर को पकड़कर आरपीएफ के हवाले कर दिया। आरपीएफ ने रेलवे अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
गीता जयंती एक्सप्रेस ट्रेन ललितपुर स्टेशन पर रुकी तो चाय बेचने वाला एस-2 कोच में चढ़कर जोर जोर से चिल्लाने लगा। इसी दौरान एक यात्री की नींद टूट गई और उसने चिल्लाने से मना किया। इसी बात को लेकर यात्री और वेंडर में विवाद हो गया। उक्त यात्री ने विवाद का वीडियो बनाकर एक्स पर रेलवे को टैग करते हुए शिकायत की। जीआरपी ने कोच में मौजूद वेंडर को पकड़ लिया। इसके बाद आरपीएफ ने उक्त आरोपी इटावा के बिठौली निवासी पिंटू को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ अवैध रूप से वेंडरिंग करने, यात्री से अभद्रता करने और बिना टिकट होने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।