ललितपुर। बहन को उसकी ससुराल छोड़कर लौट रहे युवक की कार को ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे युवक की मौत हो गई। जबकि उसका चचेरा भाई और दोस्त गंभीर घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना पाली अंतर्गत ग्राम पटऊआ निवासी अवतार सिंह लोधी (18) पुत्र मलखान लोधी बृहस्पतिवार की की शाम को अपनी बहन कृष्णा को उसकी ससुराल मध्य प्रदेश के ग्राम लच्छासर कार से छोड़ने के लिए निकला था। कार में उसका चचेरा भाई रवींद्र (18) और मित्र नीरज (24) निवासी ग्राम पटऊआ भी सवार था। बहन को उसकी ससुराल से छोड़कर तीनों रात को वापिस लौट रहे थे। अभी इनकी कार ग्राम गौना-नाराहट तिराहा के पास स्थित पेट्रोल पंप के समीप हाईवे पर पहुंची थी कि ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। इससे कार सवार तीनों घायल हो गए। घायलों को कस्बा बिरधा सामुदायिक स्वास्थ्य केेंद्र पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने अवतार सिंह के शरीर का परीक्षण करने के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना नाराहट प्रभारी निरीक्षक ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि दुर्घटना में कार सवार युवक की मौत हो गई। जबकि दो घायल हो गए थे। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक को छोड़कर भाग गया।
इकलौते पुत्र की मौत से घर में पसरा मातम
मृतक अवतार बीएससी द्वितीय वर्ष का छात्र था और छह बहनों में सबसे छोटा था। इकलौते पुत्र और छह बहनों के इकलौते भाई की असमय मौत होने के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। बहनों का तो रो-रोकर बुरा हाल हो रहा है। गांव के लोग और नाते रिश्तेदार उन्हें दिलासा दे रहे हैं।